
चालक को गिरफ्तार कर बस को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
– फोटो : संवाद
विस्तार
जम्मू-कश्मीर से देहरादून जा रही बस ने बुधवार को नवांशहर (पंजाब) में बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे के बाद बस चालक सवारियों के साथ भाग निकला। चंडीगढ़ सेक्टर-47 निवासी हाईकोर्ट के वकील ने अपनी इनोवा कार से बस का पीछा शुरू किया और पुलिस की मदद से आरोपी बस चालक को 125 किमी दूर मोहाली में आधी रात धर दबोचा। आरोपी की पहचान भ्रमदत्त निवासी उधमपुर (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। उसे नवांशहर की बहराम पुलिस के हवाले कर दिया गया है। बहराम थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जिमींदार ट्रैवल की बिहार नंबर की बस जम्मू-कश्मीर से देहरादून जा रही थी। जिला नवांशहर में बहराम इलाके में बस चालक ने चंदेर खुर्द निवासी 22 वर्षीय बाइक सवार बलबीर कुमार को कुचल दिया। बलबीर काम खत्म कर घर लौट रहा था। बलबीर एक मोटर मैकेनिक के पास काम करता था। हादसे के बाद बस चालक भ्रमदत्त सवारियों समेत मौके से भाग निकला। यह देख चंडीगढ़ सेक्टर-47 निवासी हाईकोर्ट के वकील रोहित शर्मा ने बस का पीछा शुरू कर दिया। वह अमृतसर से आ रहे थे।
पकड़े जाने के डर से आरोपी हाईवे के बजाय गांवों के रास्ते से भागने लगा। रोहित शर्मा ने बस चालक को पकड़ने के लिए कई जिलों की पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। पहला फोन जालंधर कंट्रोल रूम में लगा फिर नवांशहर और उसके बाद रोपड़ में लेकिन पुलिस चालक को पकड़ नहीं पाई। इसके बाद रोहित का फोन मोहाली पुलिस कंट्रोल रूम में लगा और सूचना पीसीआर इंचार्ज अजय पाठक के पास पहुंची। अजय पाठक व फेज-1 थाना एसएचओ जगदीप सिंह ने घेराबंदी कर बस को मोहाली में रोक लिया और आरोपी चालक को धर दबोचा।
सभी रास्ते किए सील, 20 मिनट में पकड़ा गया आरोपी
अजय पाठक ने सूचना मिलते ही सभी पीसीआर पार्टियों को अलर्ट कर दिया और बस चालक को पकड़ने के लिए इलाके के सभी रास्ते सील कर दिए। उन्होंने खुद फेज-1 थाने के एसएचओ जगदीप सिंह के साथ वेरका चौक के पास नाका लगा दिया और जैसे ही बस चालक भ्रमदत्त पहुंचा पुलिस ने बस रोककर उसे काबू कर लिया। बहराम थाना पुलिस को भी सूचना दी गई कि आरोपी को मोहाली में गिरफ्तार कर लिया गया है। बहराम पुलिस ने अजय पाठक से संपर्क किया और बुधवार रात ही आरोपी को पकड़ने के लिए मोहाली पहुंच गई, जिसके बाद आरोपी को उनके हवाले कर दिया। बस में बैठी सवारियों को पुलिस ने अन्य वाहनों के माध्यम से चंडीगढ़ सेक्टर-43 बस स्टैंड पहुंचाया। जांच अधिकारी थाना बहराम जसकर्ण सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बहराम थाने में मामला दर्ज कर किया गया है।





















