
जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि भाजपा सरकार में प्रदेश के हालात बेहद खराब हो गए है। उन्होंने कहा कि सरकार को न तो युवाओं के हितों का ध्यान है और न ही प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा की कोई चिंता है। दिग्विजय ने कहा कि एचएयू के बेकसूर छात्र कई दिनों से लाठीचार्ज के दोषियों पर ठोस कार्रवाई करने और स्कॉलरशिप बहाली की मांग कर रहे है, लेकिन इतने दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई करने की बजाय उल्टा विद्यार्थियों पर ही दबाव बनाकर धरना समाप्त करवाने की कोशिशें की जा रही है। दिग्विजय ने कहा कि छात्रों की सीधी मांग है कि घटना के दोषी वीसी को तुरंत हटाया जाए ताकि उन्हें न्याय मिले। वे रविवार को पानीपत में जेजेपी के युवा जोड़ो अभियान के तहत युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान दिग्विजय की मौजूदगी में अनेक युवाओं ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की और पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।





























