- Hindi News
- National
- Dainik Bhaskar News Headlines; Rajasthan MP CM Face | Cyclone Michaung Manipur Firing
14 मिनट पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक

नमस्कार,
कल की बड़ी खबर MP-राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा नेताओं के CM पद की दावेदारी से रही। राजस्थान में दो बार की मुख्यमंत्री रह चुकीं वसुंधरा राजे ने शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने 25 से भी ज्यादा विधायकों को डिनर पर बुलाया। उधर, मणिपुर में इंटरनेट बैन हटते ही हिंसा की घटना सामने आई। इसमें 13 लोगों की मौत हो गई। हम आपको आगे बताएंगे कि दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर क्यों है…
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- सुप्रीम कोर्ट में सिटिजनशिप एक्ट से जुड़ी सुनवाई होगी। कोर्ट एक्ट की धारा 6ए की संवैधानिक वैधता की जांच करेगा।
- कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल शुरू होगा, जो 12 दिसंबर तक चलेगा। इसमें 39 देशों की 219 फिल्में दिखाई जाएंगी।
- राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। 2018 में राजस्थान की सभा में उन्होंने मोदी को कमांडर इन चोर कहा था।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. तमिलनाडु-आंध्र से आज टकराएगा साइक्लोन मिचौंग, 80 साल में चेन्नई में सबसे ज्यादा बारिश, 5 की मौत

चेन्नई के पल्लीकरनई इलाके में खड़ी दर्जनों कारें पानी के तेज बहाव में बह गईं।
बंगाल की खाड़ी से 2 दिसंबर को उठा साइक्लोन मिचौंग आज दोपहर 12 बजे से पहले आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तट से टकराएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे (KMPH) की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तूफान का असर ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पुडुचेरी में रहेगा। एहतियात के तौर पर अब तक 204 ट्रेनें और 70 फ्लाइट कैंसिल की जा चुकी हैं।
ये खबर अहम क्यों है: मिचौंग तूफान नाम म्यांमार ने दिया है। इसका मतलब है ताकत और लचीलापन। मिचौंग साइक्लोन साल 2023 में बंगाल की खाड़ी का चौथा और हिंद महासागर में बनने वाला छठा तूफान है। इसके असर की वजह से चेन्नई में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पानी भरने की वजह से रनवे बंद कर दिया गया है। तूफान के कारण तमिलनाडु के महाबलीपुरम बीच पर समुद्र का स्तर लगभग 5 फीट तक बढ़ गया है। तमिलनाडु सरकार के मुताबिक, 70-80 साल में चेन्नई शहर में पहली बार ऐसी बारिश हुई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. मुख्यमंत्री पद के लिए वसुंधरा का शक्ति प्रदर्शन; MP में शिवराज के अलावा तोमर और प्रहलाद पटेल भी रेस में
मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा में मुख्यमंत्री कैंडिडेट एक्टिव हो गए हैं। राजस्थान में पूर्व सीएम वसुंधरा ने 25 से ज्यादा विधायकों को डिनर पर बुलाया। ये विधायक वंसुधरा को सीएम बनाने की मांग कर रहे हैं। सीएम पद की रेस में बाबा बालकनाथ का नाम भी शामिल है।
उधर, एमपी में शिवराज, नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद पटेल समेत कई नेता सीएम की रेस में हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के लिए डॉ. रमन सिंह का नाम सबसे आगे है। लेकिन अरुण साव और धरमलाल कौशिक उन्हें टक्कर दे रहे हैं।
मुख्यमंत्रियों के नाम का ऐलान आज संभव : MP-राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के नाम का ऐलान आज हो सकता है। तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने पार्टी संगठन के नए चेहरे को लेकर कई पहलुओं पर चर्चा की। हालांकि, इस बैठक में क्या बात हुई, इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. PM मोदी बोले- पराजय का गुस्सा सदन में न निकालें, AAP सांसद राघव चड्ढा का राज्यसभा से निलंबन रद्द

प्रधानमंत्री मोदी जब लोकसभा पहुंचे तो NDA सांसदों ने नारे लगाकर उनका स्वागत किया। यह 17वीं लोकसभा का 14वां सत्र है, जो 22 दिसंबर तक चलेगा।
शीतकालीन सत्र के पहले दिन लोकसभा में PM मोदी के पहुंचते ही NDA सांसदों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सत्र शुरू होने से पहले PM ने विपक्ष से अपील की। उन्होंने कहा कि बाहर मिली पराजय का गुस्सा सदन में मत निकालिए। यहां सकारात्मक चर्चा कीजिए। उधर, राज्यसभा ने AAP सांसद राघव चड्ढा का निलंबन रद्द कर दिया। वे अगस्त 2023 से निलंबित चल रहे थे।
ये खबर अहम क्यों है: सत्र के पहले दिन महुआ मोइत्रा पर एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पर BJP और विपक्ष में टकराव हुआ। BSP सांसद दानिश अली ने एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पर सदन में चर्चा करवाने की मांग की। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी साफ कहा कि वे महुआ मोइत्रा की सदस्यता रद्द किए जाने का विरोध करेंगे। दरअसल, संसद का शीतकालीन सत्र 22 दिसंबर तक चलेगा। 19 दिन के दौरान दोनों सदनों में 15 बैठकें होंगी। इस दौरान 19 बिल पेश किए जाएंगे। इनमें भारतीय न्याय संहिता विधेयक 2023 भी शामिल है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. मणिपुर में दो गुटों में गोलीबारी, 13 लोगों की मौत; एक दिन पहले इंटरनेट बहाल हुआ
मणिपुर के टेंग्नौपाल जिले में दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में 13 लोगों की मौत हो गई। म्यांमार जा रहे उग्रवादियों पर यह हमला विद्रोही समूह ने किया। सरकार ने 3 दिसंबर को कुछ इलाकों को छोड़कर राज्य में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं 18 दिसंबर तक के लिए बहाल की थी। इसके बाद गोलीबारी की यह पहली घटना है।
ये खबर अहम क्यों है: राज्य में कुकी और मैतेई समूह के बीच आरक्षण को लेकर 3 मई से हिंसा जारी है। हिंसक घटनाओं में अब तक 200 लोग मारे गए हैं। 50 हजार लोग रिलीफ कैंप्स में रह रहे हैं। हिंसा के बाद से अब तक 6523 FIR दर्ज हुई हैं। इनमें ज्यादातर शून्य FIR हैं। इनमें 5107 मामले आगजनी, 71 हत्याओं के हैं। सीबीआई की 53 अधिकारियों की एक टीम 20 मामले देख रही है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. तेलंगाना में एयरफोर्स का ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश, मिनटों में प्लेन जलकर खाक; दो पायलट की मौत

इंडियन एयर फोर्स का एक ट्रेनर विमान सोमवार सुबह तेलंगाना में क्रैश हो गया। इस हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई।
इंडियन एयर फोर्स का एक ट्रेनिंग विमान तेलंगाना में क्रैश हो गया। इस हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई। प्लेन मेडक के बाहरी इलाके परिधि रवेली में क्रैश हुआ। IAF के मुताबिक, विमान में दो पायलट मौजूद थे। जिसमें एक ट्रेनर थे, जो नए कैडेट को प्लेन उड़ाना सिखा रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्लेन कुछ मिनटों में ही जलकर खाक हो गया।
ये खबर अहम क्यों है: पिछले 8 महीनों में एयर फोर्स का यह तीसरा प्लेन एक्सीडेंट है। इससे पहले एक जून में ट्रेनी विमान किरण क्रैश हो गया था। हालांकि, तब किसी तरह की जनहानि नहीं हुई थी। वहीं, मई में मिग-21 प्लेन क्रैश हो जाने से तीन पायलटों की मौत हो गई थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा चुनाव हारे, 27 सीटें जीतकर ZPM पार्टी सत्ता में आई
मिजोरम के 40 विधानसभा सीटों का रिजल्ट आ गया है। नई नवेली पार्टी जोरम पीपुल्स मूवमेंट 27 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट को 10, भाजपा को 2 और कांग्रेस के खाते में एक सीट आई हैं। मिजोरम में सबसे बड़ा उलटफेर आइजोल ईस्ट-1 सीट पर हुआ। यहां मुख्यमंत्री जोरमथंगा को ZPM के ललथनसंगा ने 2 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया है।
ये खबर अहम क्यों है: जोरम पीपुल्स मूवमेंट पार्टी शुरुआत में छह क्षेत्रीय दलों का गठबंधन था। जिसमें मिजोरम पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, जोरम नेशनलिस्ट पार्टी, जोरम एक्सोडस मूवमेंट, जोरम डिसेंट्रलाइजेशन फ्रंट, जोरम रिफॉर्मेशन फ्रंट और मिजोरम पीपुल्स पार्टी शामिल थीं।
2018 में ZPM ने इसी गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा था और आठ सीटें जीतीं। इसके बाद चुनाव आयोग (ECI) ने आधिकारिक तौर पर जुलाई 2019 में पार्टी को रजिस्टर्ड किया। सबसे बड़ी संस्थापक पार्टी मिजोरम पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, 2019 में गठबंधन से बाहर हो गई थी और बाकी बची पांच पार्टियां एक में शामिल हो गईं, जिसे ZPM नाम दिया गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर: NCRB-2022 की रिपोर्ट में दावा- यहां एक दिन में 3 रेप हुए

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने 2022 की रिपोर्ट जारी कर दी गई है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर है। यहां 2022 में एक दिन में 3 रेप केस दर्ज किए गए। NCRB की 546 पेज की रिपोर्ट में बताया कि देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 4 लाख 45 हजार 256 केस दर्ज किए गए, यानी हर घंटे लगभग 51 FIR हुईं। 2021 में यह आंकड़ा 4 लाख 28 हजार 278 था।
ये खबर अहम क्यों है: NCRB की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021 की तुलना में महिला अपराधों में 4% की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 2022 में 28 हजार 522 मर्डर केस दर्ज हुए यानी हर दिन 78 हत्याएं हुईं। जब देश में 4 राज्यों के चुनाव परिणाम चर्चा में थे, उस दिन NCRB ने रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि देश में बच्चों, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति ( ST) और साइबर क्राइम बहुत ज्यादा बढ़े हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
8. 3 दिनों में एनिमल ने वर्ल्डवाइड 356 करोड़ कमाए, ग्लोबल चार्ट में हॉलीवुड फिल्म नेपोलियन और हंगर गेम को पीछे छोड़ा

रणबीर ने अपने 16 साल के करियर में कुल 20 फिल्में की हैं जिनमें से 11 फ्लॉप और 9 हिट रही हैं। करियर के लिहाज से रणबीर के लिए एनिमल काफी अहम है।
रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल ने तीसरे दिन 75 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड कायम किया है। पहले वीकेंड में महज 3 दिनों में फिल्म ने वर्ल्डवाइड 355 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। भारत में 202 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन कर एनिमल ने इस साल की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म पठान का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
ये खबर अहम क्यों है: वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ग्लोबल बॉक्स ऑफिस में 42.17 मिलियन कमाई कर टॉप पर है। एनिमल, हंगर गेम और नेपोलियन जैसी चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ ग्लोबल बॉक्स ऑफिस चार्ट में टॉप पर रहने वाली भारत की पहली फिल्म बन चुकी है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- हरियाणा सरकार का सेक्शुअल क्राइम पर बड़ा फैसला: दोषी को नहीं मिलेंगी सरकारी सुविधाएं; पेंशन के साथ ही आर्म्स लाइसेंस भी होगा सस्पेंड (पढ़ें पूरी खबर)
- PM ने छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा का अनावरण किया: कहा- उनसे प्रेरणा लेकर आज देश गुलामी की मानसिकता को छोड़कर आगे बढ़ रहा (पढ़ें पूरी खबर)
- यूपी में 10 रुपए मांगने पर बेटी को मार डाला: बोला- रिश्तेदारों के सामने पैसे मांग रही थी…बेइज्जती होने पर गला घोंट दिया; शव को भी जलाया (पढ़ें पूरी खबर)
- चुनाव नतीजों पर ममता बनर्जी बोलीं- कांग्रेस हारी, लोग नहीं: अपने दम पर चुनाव लड़ने का दांव उल्टा पड़ा, उनके वोट I.N.D.I.A ब्लॉक पार्टियों ने बांटे (पढ़ें पूरी खबर)
- गाजियाबाद में दिल्ली की युवती का धर्म पूछकर गैंगरेप: ब्लैक हुडी से पकड़े गए 5 बदमाश; पुलिस ने एनकाउंटर में 2 के पैर में गोली मारी (पढ़ें पूरी खबर)
- 3 दिनों में एनिमल ने वर्ल्डवाइड कमाए 356 करोड़: ग्लोबल चार्ट में हॉलीवुड फिल्म नेपोलियन और हंगर गेम को पीछे छोड़ा, सालार को हो सकता है नुकसान (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…
सफाईकर्मी ने डॉक्टर बनकर निकाल दिए मरीज के दांत, मिली ढाई साल की सजा
तुर्की के इस्तांबुल में एक डेंटल क्लीनिक के सफाईकर्मी ने डॉक्टर बनकर एक शख्स के 4 दांत निकाल दिए। साथ ही दवाई लिखकर एक पर्ची भी बना दी। जब मरीज को आराम नहीं मिला तो वह दोबारा क्लीनिक पहुंचा, जहां उसे असली डॉक्टर मिला और मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद मरीज ने केस दर्ज किया। मामले में अदालत ने आरोपी सफाईकर्मी को ढाई साल की सजा सुनाई है। साथ ही मुआवजे के तौर पर मरीज को 3 लाख रुपए देने को कहा है। पढ़ें पूरी खबर…
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…





आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

























