
मुख्यमंत्री सिंह मान ने सोमवार को होशियारपुर ज़िले के टांडा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री सबसे पहले गांव मियाणी पहुंचे, जहां सरकारी स्कूल में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर स्थापित किया गया है। यहां उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री रड़ा पुल पहुंचे और धुस्सी बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की फसलों और जमीनों को हुए नुकसान का उचित आंकलन कर रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत की जाए, ताकि मुआवजे की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावितों के लिए हर संभव राहत और पुनर्वास कार्य को प्राथमिकता पर कर रही है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न आने पाए।



























