अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शिक्षा विभाग में खाली 26 हजार से अधिक शिक्षकों के पदों को भरने के लिए हरियाणा सरकार ने तैयारी कर ली है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से पीजीटी और टीजीटी पदों पर भर्ती निकाली है। हालांकि, विज्ञापन में पदों की संख्या नहीं दी गई है। लेकिन प्रदेश के सभी जिलों के लिए यह आवेदन मांगे गए हैं। पदों पर आवेदन के लिए 23 दिसंबर अंतिम तिथि है।
कुल 14 श्रेणियों के लिए भर्ती निकाली है। इनमें टीजीटी के छह और पीजीटी के आठ विषय शामिल हैं। टीजीटी में सोशल साइंस, साइंस, हिंदी, मैथ, संस्कृत और अंग्रेजी विषय हैं, जबकि पीजीटी में बायोलॉजी, काॅमर्स, संस्कृत, मैथ, अर्थशास्त्र, राजनीतिक शास्त्र, इतिहास और हिंदी विषय शामिल हैं।
गौर हो कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी यह मुद्दा विपक्ष द्वारा उठाया गया था। जवाब में शिक्षा मंत्री कंवर ने कहा था कि नियमित नियुक्ति के लिए पीजीटी और टीजीटी के 12101 पदों के लिए मांग पत्र पहले ही भर्ती एजेंसियों को भेजा जा चुका है एवं शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए शिक्षकों के 8446 खाली पदों को अनुबंध आधार पर भरने के लिए भी हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड को अनुरोध पत्र भेजा जा चुका है। पदोन्नति आधार पर भरे जाने वाले रिक्त पद भी शीघ्र ही शिक्षकों की पदोन्नति से भर लिए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार प्रत्येक सरकारी विद्यालय में शिक्षक उपलब्ध करवाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।



























