-अभी स्वास्थ्य विभाग की फाइलों को देखना नहीं किया शुरू
-आधा घंटा तक मुलाकात के दौरान विज ने जताई आपत्ति
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल से आधा घंटा तक मुलाकात के बावजूद हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के तेवर बरकरार हैं। अभी भी विज स्वास्थ्य विभाग की फाइलें नहीं देख रहे हैं। विज के कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की फाइलों के ढेर लग गए हैं। सीएम से मुलाकात के दौरान विज ने एक-एक करके अपनी आपत्ति दर्ज कराईं। विज ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा को लेकर भी कड़ा एतराज जताया और कहा कि अगर अधिकारी ही सब कुछ करेंगे तो फिर मंत्री क्या करेंगे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि वह जल्द इसका समाधान निकालेंगे।
5 अक्टूबर से विज स्वास्थ्य विभाग की फाइलें नहीं देख रहे हैं। इसी दिन सीएमओ के अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ पंचकूला में बैठक की थी और समीक्षा की थी। इसी बात को लेकर विज नाराज चल रहे हैं। इसके बाद से विज ने स्वास्थ्य विभाग की फाइलों को देखना बंद कर दिया। बढ़ रहे विवाद को देखते हुए दिवाली से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस संबंध में विज से बात की थी। इसके बाद बुधवार को सीएम आवास पर दोनों की बैठक हुई। बैठक के दौरान विज ने साफ कहा कि वह अपने विभागों में किसी का दखल नहीं चाहते। वह खुद हर चीज पर बारीकी से नजर रखते हैं और बेहतरी के लिए काम किया जा रहा है। विज ने विभाग में उपकरण खरीद की एक फाइल का भी जिक्र किया, जिस फाइल को विज ने तीन बार रद्द किया।
बाक्स
आपत्तियों के स्थायी समाधान के बाद ही देखेंगे फाइल
सूत्रों का दावा है कि सीएम से मुलाकात के दौरान सीएम ने तमाम आपत्तियों के समाधान के लिए कुछ दिन का समय मांगा था। स्थायी समाधान और भविष्य में उनके विभागों में किसी का दखल नहीं होने के आश्वासन के बाद ही विज फाइलों को देखना शुरू करेंगे। अभी विज मुख्यमंत्री के फोन का इंतजार कर रहे हैं।
























