फरीदाबाद में 141.78 एकड़ और पानीपत में 100 एकड़ जमीन पड़ी है खाली
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। थर्मल प्लांट की खाली पड़ी जमीनें औद्योगिक व शैक्षणिक विकास के लिए सौंपी जाएंगी। पॉवर यूटिलिटी के चेयरमैन पीके दास ने बताया कि हरियाणा पॉवर जनरेशन कॉर्पोरेशन की फरीदाबाद में खाली पड़ी 141.78 एकड़ जमीन और पानीपत में खाली पड़ी 100 एकड़ जमीन स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन को ट्रांसफर की जा रही है। इसका उद्देश्य हरियाणा के औद्योगिक संर्वधन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इन खाली पड़ी जमीनों पर स्थापित उद्योग से न सिर्फ नौजवानों को रोजगार मिलेगा बल्कि हरियाणा के जीडीपी में वृद्धि होगी।
पीके दास ने बताया कि पानीपत थर्मल की स्थापना 1979 में हुई थी। वर्तमान में इस परिसर में तीन यूनिट संचालित हैं। फरीदाबाद में प्रस्तावित गैस आधारित ऊर्जा उत्पादन संस्थान के लिए उपलब्ध भूःखंड पर बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के मार्गदर्शन पर प्रस्तावित संस्थान का निर्माण स्थगित कर दिया गया। इसलिए यह जमीन हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन औद्योगिक इकाइयों की दी जा रही है। वहीं, थर्मल द्वारा स्थापित टाउनशिप सेक्टर-23, फरीदाबाद की पांच एकड़ जमीन पर उच्च शिक्षा विभाग फरीदाबाद और आस-पास के युवाओं के लिए महाविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस जमीन का भुगतान एचपीजीसीएल को शिक्षा विभाग एवं हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा भुगतान किया जाएगा।




























