अभय चौटाला के सवाल पर मनोहर लाल ने दिया जवाब
355 घोषणाओं पर अभी काम भी शुरू नहीं हुआ, 1139 घोषणाओं पर चल रहा काम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक जनवरी 2022 से लेकर नवंबर 2023 तक कुल 1770 घोषणाएं की। इनमें से सिर्फ 262 पूरी हुई हैं। 355 घोषणाओं पर अभी काम भी शुरू नहीं हुआ है। इसके अलावा 14 ऐसी घोषणाएं अव्यवहारिक थीं। ये कभी पूरी नहीं होंगी। 1139 घोषणाओं पर काम चल रहा है। इनमें से 307 घोषणाओं की अनुमानित लागत तय कर दी गई है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ये जानकारी इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला के सवाल पर दी। मुख्यमंत्री की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा घोषणाएं चरखी दादरी जिले को लेकर की गईं। इसके बाद दूसरे नंबर पर पानीपत व यमुनानगर और तीसरे नंबर पर भिवानी है।मुख्यमंत्री ने 2023 में सिर्फ 299 घोषणाएं की हैं, बाकी 1471 घोषणाएं पिछले साल की गई थीं। मुख्य सचिव संजीव कौशल पिछले कुछ दिनों से विभागवार बैठक कर मुख्यमंत्री की घोषाणाओं की समीक्षा कर रहे हैं। पिछले दिनों हुई बैठकों में उन्होंने सभी प्रशासनिक सचिवों व उपायुक्तों को इस संबंध में जल्द से जल्द कार्य पूरे करने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं का जिला वार आंकड़ा
जिला कुल घोषाणाएं पूरी हुईं काम चल रहा काम शुरू नहीं हुआ असंभव
चरखी दादरी 279 49 211 15 4
पानीपत 188 20 138 27 3
यमुनानगर 188 13 162 13 0
भिवानी 133 32 55 42 4
सिरसा 131 17 92 19 3
फरीदाबाद 116 18 91 7 0
गुरुग्राम 101 12 56 33 0
कुरुक्षेत्र 101 13 66 25 0
रोहतक 100 12 76 12 0
जींद 95 9 82 4 0
पलवल 59 4 26 29 0
करनाल 55 5 23 27 0
फतेहाबाद 46 15 13 18 0
कैथल 20 4 9 7 0
पंचकूला 20 0 7 13 0
नूंह 15 3 9 3 0
महेंद्रगढ़ 13 4 6 3 0
हिसार 16 0 8 8 0
अंबाला 7 1 1 5 0
सोनीपत 5 0 1 4 0
झज्जर 4 3 0 1 0
रेवाड़ी 2 1 0 1 0
राज्य स्तर 52 10 4 38 0
नया जिला बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं
विधानसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि नए जिले बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। यह सवाल पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश ने मानेसर व गुरुग्राम के संबंध में पूछा था।
नौ साल में 3500 अवैध कॉलोनियां ध्वस्त
रोहतक विधायक भारत भूषण बतरा के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री की ओर से बताया गया कि साल 2014 तक कुल 11,665 अनाधिकृत कॉलोनियां थीं। बीते नौ साल में 5,352 अनाधिकृत कॉलोनियां अस्तित्व में आई हैं। इन नौ सालों में नगर पालिका क्षेत्र के अंदर की 1089 और नगर पालिका क्षेत्र के बाहर की 448 कॉलोनियों को नियमित किया गया है। इसके अलावा इन नौ साल में 1,789 कॉलोनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और 3500 कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया है।

















![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)









