डेराबस्सी। विधायक कार्यालय के पास एसबीपी हाउसिंग पार्क में आवारा कुत्तों का आतंक जारी है। मंगलवार को सोसायटी में चार साल के बच्चे अयांश को कुत्ते ने नोचकर घायल कर दिया। उसका इलाज चल रहा है। यहां रहने वाले लोग सोसायटी में घूम रहे दर्जनों आवारा कुत्तों से दहशत में हैं। कुत्ते के डर से लोग बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं।
सोसायटी के निवासियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले के लिए उन्होंने डीसी मोहाली, नगर परिषद कार्यालय, एसडीएम कार्यालय और पुलिस को भी शिकायत की है, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। सोसायटी में रहने वाला एक शख्स आवारा कुत्ते को खाना-पानी खिलाता है, उस वक्त कुत्तों का झुंड इकट्ठा हो जाता है। वे कुत्ते बच्चे को काटकर घायल कर देते हैं। अब तक दर्जनों बच्चों को ये कुत्ते काट चुके हैं।
बिल्डरों के अलावा कुछ प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी भी कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं। सोसायटी निवासियों का कहना है कि इन कुत्तों को खाना-पीना देने वाले व्यक्ति को कई बार रोका जा चुका है कि इन कुत्तों को फ्लेटों के पास इकट्ठा न किया जाए, लेकिन उक्त व्यक्ति ऐसा करने से बाज नहीं आ रहा है। अब सोसायटी निवासियों की ओर से इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, डीसी मोहाली, एएसपी से की गई है। सोसायटी निवासियों ने आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है।

























