
साइबर फ्राड
– फोटो : Freepik
विस्तार
महादेव एप से जुड़े तीन साइबर ठगों को चंडीगढ़ साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक शर्मा, पुष्पेंद्र, और बलाचौर निवासी सुशील मिश्रा शामिल हैं।
पुलिस को इन तीनों के पास से कई संदिग्ध चैट्स मिली हैं, जिनसे पता चला है कि ये आरोपी महादेव एप के नेटवर्क के जरिए ठगी कर रहे थे। महादेव एप एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल साइबर क्राइम के लिए किया जा रहा है। इससे पहले पुलिस ने इसी मामले में 5 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था।
जो गरीब लोगों को 10 हजार रुपये का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। ये खाते महादेव एप के जरिए देशभर में साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। इस एप के जरिए अब तक कई राज्यों में हजारों लोग ठगी का शिकार हो चुके हैं और इसके खिलाफ कई केस भी दर्ज हो चुके हैं। गिरोह का सरगना, जो हर खाते के लिए इन ठगों को 10 हजार रुपये देता था, फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी चंडीगढ़ के एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां उनकी एंट्री होटल के रजिस्टर में नहीं की गई थी। अविनाश, जो चंडीगढ़ के एक बैंक में असिस्टेंट मैनेजर है, इन ठगों की मदद से फर्जी बैंक खाते खुलवाता था। अंकित जैन, जो बीटेक पास है, ने महादेव एप से फ्रेंचाइजी ली थी और इसी एप के माध्यम से सट्टेबाजी कर लोगों से ठगी करता था। महादेव एप के माध्यम से देशभर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है, और इसके खिलाफ कई राज्यों में पहले से ही मामले दर्ज हैं।
रेड कर किए थे आरोपी गिरफ्तार
11 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 52 के एक होटल में एक व्यक्ति को खाता खोलने के बदले 10,000 रुपए का लालच दिया जा रहा है। पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने होटल की जांच की, जहां से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इन आरोपियों ने महादेव एप से जुड़े होने की बात स्वीकार की और बताया कि वे इसी एप के जरिए ठगी करते थे।
आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उनका रिमांड लेगी, ताकि उनसे और पूछताछ की जा सके और महादेव एप के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में और भी कई चौंकाने वाले खुलासे होंगे, जिससे देशभर में साइबर ठगी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकेगी।



























