
आईएएस के घर फायरिंग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पंजाब कैडर के 2009 बैच के आईएएस की सेक्टर 24 स्थित सरकारी कोठी पर दिवाली की रात लगभग 11.10 बजे गोली चलने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी पाकर मौके पर अपराध शाखा के डीएसपी उदय पाल, सेक्टर 11 थाना प्रभारी मलकीत सिंह समेत सेक्टर 24 पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह व अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे।
मौके पर बैलिस्टिक और फोरेंसिक विशेषज्ञ भी पहुंचे और जांच के लिए नमूने इकट्ठे किए गए। पुलिस को घर के कमरे से गोली बरामद हुई है। जानकारी के मुताबिक जिस वक्त यह गोली चली तब आईएएस वरिंदर कुमार शर्मा का परिवार भी अंदर मौजूद था। गोली घर की खिड़की के प्लाईबोर्ड को चीरती हुई पहली मंजिल पर कमरे के अंदर घुसी। देर रात तक पुलिस पता लगाती रही कि किस एंगल से यह गोली चलाई गई। वहीं आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: वर्षों पुरानी मान्यता: दिवाली के अगले दिन त्योहार मनाते हैं चिल्ला के लोग, इस कारण निभा रहे परंपरा
घर के पिछली तरफ से कमरे में आई गोली
कोठी की पिछली तरफ से यह गोली पहली मंजिल के कमरे में आई। मामले में पुलिस को शिकायत दे दी गई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस कोठी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों से भी पूछताछ में लगी है।
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली .32 या .38 बोर के हथियार से चलाई गई है। मौजूदा समय में आईएएस वरिंदर कुमार शर्मा पंजाब हेल्थ सिस्टम कार्पोरेशन में प्रबंध निदेशक हैं। वहीं उनके पास पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग के सचिव का अतिक्ति कार्यभार भी है।
गंभीर जानी नुकसान हो सकता था
वरिंदर कुमार शर्मा ने बताया कि रात को 11.10 बजे वह घर के ऊपर वाले कमरे में बैठे हुए थे। बाहर पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान उनके घर की पिछली तरफ की खिड़की से एक गोली अंदर आई। उन्होंने कहा कि गोली की तीव्रता इसलिए कम हो गई क्योंकि वह एक तख्ती को चीरती हुई अंदर घुसी। ऐसे में उनका बचाव हो गया। वह जिस बिस्तर पर बैठे हुए थे वहां तक यह गोली आई। वहीं अगर वह गोली सीधा शीशे से अंदर आती तो जानी नुकसान हो भी सकता था।
उनका कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। ऐसे में इस बात की संभावना कम है कि उन पर साजिशन यह हमला हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यह दिवाली पर कोई सेलिब्रिटरी फायर है। उसी दौरान गोली उनके घर की तरफ आई।


























