- Hindi News
- National
- Breaking News Live Updates; Delhi Nursing Hospital Corruption | Mumbai News
14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार की जमानत याचिका तीस हजारी कोर्ट ने खारिज कर दी है। कोर्ट ने कहा कि अगर आरोपी को रिहा किया जाता है तो वह गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। कुमार पर 13 मई को मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल पर हमला करने का आरोप है।
जस्टिस एकता गौबा मान ने कहा कि.जांच अभी शुरुआती दौर में है, और पीड़ित के मन में अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर डर है, क्योंकि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। इस बात की भी पूरी आशंका है कि आरोपी बिभव कुमार अगर आजाद रहे तो गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए, मुझे मौजूदा जमानत याचिका में कोई दम नहीं दिखता।
कुमार को 18 मई को गिरफ्तार किया गया था। वे 14 जून तक न्यायिक हिरासत में हैं। कुमार जमानत के लिए दूसरी बार अदालत पहुंचे थे।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
लैंड फॉर जॉब केस- लालू के खिलाफ CBI की आखिरी चार्जशीट फाइल

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में लैंड फॉर जॉब केस में सीबीआई ने फाइनल चार्जशीट दाखिल कर दी। इसमें लालू प्रसाद समेत 78 लोगों को आरोपी बनाया गया है। सीबीआई की चार्जशीट के मुताबिक आरोपियों में 38 अभ्यर्थी भी हैं। कुछ अधिकारी भी शामिल है। सीबीआई ने कहा कि इस मामले में सक्षम प्राधिकार की मंजूरी का इंतजार है और 6 जुलाई तक मंजूरी मिल जाने की उम्मीद है। कोर्ट 6 जुलाई को चार्जशीट पर सुनवाई करेगा।
बांग्लादेशी सांसद की हत्या का आरोपी भारत को सौंपा
पिछले महीने कोलकाता में हुई बांग्लादेशी सांसद अनवारुल अजीम अनार की नृशंस हत्या के मुख्य आरोपियों में से एक को नेपाल ने भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया है। नेपाल पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने के बाद सोमवार की सुबह नेपाल की इंटरपोल शाखा ने मोहम्मद सियाम हुसैन को भारतीय अधिकारियों के सौंप दिया। हत्या के बाद नेपाल भाग गए हुसैन को गुरुवार को नेपाल के सीमावर्ती इलाके से गिरफ्तार किया गया।
अमेरिकी संसद को संबोधित करेंगे इजराइली पीएम नेतन्याहू

इजराइल और हमास युद्ध के बीच इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू 24 जुलाई को अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करेंगे। रिपब्लिकन पार्टी का कहना है कि इस दौरान नेतन्याहू को इजराइल-हमास के बीच जारी युद्ध के बारे में अमेरिका के सांसदों को बताएंगे। वहीं, कई डेमोक्रेट सांसदों का कहना है कि नेतन्याहू इस्तीफा दे और चुनाव कराएं।





























