कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

लंदन से मुंबई आ रहे 250 से ज्यादा यात्री बीते 40 घंटे से तुर्किये में एयरपोर्ट में फंसे हुए हैं। एयरलाइन कंपनी वर्जिन अटलांटिक ने फ्लाइट कीक 2 अप्रैल को तुर्किये में इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी। इसके मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लेन नंबर VS 358 के एक पैसेंजर को पैनिक अटैक आ गया था। इस मेडिकल इमरजेंसी के चलते तुर्किये के दियारबकिर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ था।
ये एयरपोर्ट ऐसी फ्लाइट की लैंडिंग के लिए उपयुक्त नहीं है। पैसेंजर्स को बताया गया कि लैंडिंग के दौरान प्लेन में टेक्निकल खामी भी आ गई।
एक पैसेंजर ने बताया कि उन्हें नहीं पता है उनकी आगे की यात्रा कैसे होगी क्योंकि वर्जिन अटलांटिक ने अब तक उनके लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था नहीं की है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
साउथ कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल बर्खास्त; देश में मॉर्शल लॉ लगाने पर संवैधानिक अदालत का फैसला

साउथ कोरिया की संवैधानिक अदालत ने शुक्रवार को राष्ट्रपति यून सुक योल को उनके पद से आधिकारिक रूप से बर्खास्त कर दिया है। अदालत ने सर्वसम्मति से यह फैसला सुनाया है। अगले 2 महीने में कोरिया में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कराएं जाएंगे।
योल ने 3 दिसंबर को देश में मॉर्शल लॉ (इमरजेंसी) की घोषणा की थी। साथ ही देश की संसद (नेशनल असेंबली) में सेना और पुलिस अधिकारियों को भेजा था।
इसके बाद 14 दिसंबर को नेशनल असेंबली ने राष्ट्रपति पर महाभियोग पारित कर उन्हें पद से हटा दिया गया था। इस प्रस्ताव में योल को संविधान और अन्य कानूनों के उल्लंघन, विधायिका की स्वतंत्रता पर हमला, और देश में शांति भंग करने का दोषी ठहराया गया।
बोलिविया ने नित्यानंद के फर्जी देश कैलासा से 20 लोगों को बाहर निकाला, धोखे से आदिवासियों की जमीन कब्जा ली थी

भारत से भागकर तथाकथित ‘यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ कैलासा’ की स्थापना करने वाले स्वयंभू ‘गॉडमैन’ नित्यानंद का एक और फर्जीवाड़ा सामने आया है। ‘कैलासा’ के 20 कथित नागरिकों को दक्षिण अमेरिका के पश्चिम-मध्य भाग में स्थित बोलिविया देश में गिरफ्तार किया गया है।
इन पर आरोप है कि इन्होंने बोलीविया की तीन आदिवासी जनजातियों से मिलकर करीब 4.8 लाख हेक्टेयर सार्वजनिक जमीन कब्जाने की कोशिश की। रिपोर्ट्स के मुताबिक नित्यानंद के शिष्यों ने बाउर, कायुबा और एसे एहा नाम की जनजातियों से 1000 साल के लिए जमीन लीज पर ली थी।
समझौते में कैलासा को जमीन पर पूर्ण अधिकार और स्वायत्तता देने की बात कही गई थी। सरकार ने इसे अवैध करार दिया और कहा कि विदेशी नागरिक अमेजन क्षेत्र में जमीन नहीं खरीद सकते। बोलीविया सरकार ने सभी 20 प्रतिनिधियों को उनके मूल देशों (भारत, अमेरिका, स्वीडन, चीन) में भेज दिया। ये लोग अलग-अलग समय पर टूरिस्ट वीसा पर देश में दाखिल हुए थे।
नित्यानंद पर भारत में यौन शोषण, बच्चों के अपहरण और प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप हैं। वह 2020 से फरार घोषित है। नित्यानंद दावा करता है कि उसके पास चमत्कारी शक्तियां हैं। जैसे, तीसरी आंख से अंधों को दिखाना, सूर्योदय को 40 मिनट तक टाल देना।
इजराइल ने सीरिया में हवाई हमला किया, 9 लोगों की मौत

इजराइल ने गुरुवार को सीरिया के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में एयरस्ट्राइक की। इस हमले में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है। सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी सना ने दावा किया कि मारे गए लोग आम नागरिक थे।
इजराइल ने सीरिया के पांच शहरों पर हवाई हमले किए। इनमें हमा शहर के पास स्थित एक अहम एयरबेस पर एक दर्जन से अधिक हमले शामिल थे। सीरिया के विदेश मंत्रालय के अनुसार, हमले में हमा सैन्य हवाई अड्डा लगभग पूरी तरह तबाह हो गया, और दर्जनों नागरिक और सैनिक घायल हो गए।
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक इलाके में पहले इजराइली सैनिकों ने घुसने की कोशिश की थी, लेकिन जवाबी कार्रवाई के बाद पीछे हट गए। इसके बाद हवाई हमले किए गए।




























