39 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर से कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनने का ऑफर दिया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर कहा कि अगर कनाडा अमेरिका का हिस्सा बन जाता है तो उसे एयर डिफेंस सिस्टम गोल्डन डोम शामिल होने के लिए कोई पैसा नहीं देना होगा।
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा,

अगर कनाडा अलग देश बना रहता है, तो उसे 61 अरब डॉलर (5 लाख करोड़ से ज्यादा) खर्च करने होंगे। लेकिन अगर वह अमेरिका का 51वां राज्य बन जाता है, तो उसे एक भी डॉलर नहीं देना होगा।

ट्रम्प ने यह भी लिखा कि कनाडा, इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले हफ्ते गोल्डन डोम बनाने का ऐलान किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
कनाडाई PM मार्क कार्नी ने माना है कि उनकी सरकार इस डिफेंस सिस्टम में शामिल होने के लिए अमेरिका से बातचीत कर रही है। उन्होंने पिछले हफ्ते कहा था कि वे अमेरिका के साथ मिलकर एक नई डिफेंस सिक्योरिटी में शामिल होने के लिए बातचीत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा- कनाडा के लिए सुरक्षा होना अच्छी बात है। अगर जरूरत पड़ी तो हम सहयोग करेंगे। लेकिन जरूरी नहीं कि हर हाल में ऐसा करें।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें….
ताइवान के पास चीनी सैन्य गतिविधि तेज, 31 विमान और 9 युद्धपोत देखे गए

ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि चीन की सेना ने ताइवान के पास सैन्य दबाव और बढ़ा दिया है। ताइवान की हवाई क्षेत्र और आसपास के इलाकों में चीन के 31 सैन्य विमान, 1 पोत और 9 नौसैनिक जहाज देखे गए हैं।
इनमें से 22 विमान ताइवान स्ट्रेट की मीडियन लाइन पार कर ताइवान के उत्तरी, मध्य, दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में घुसे। मंत्रालय ने कहा कि ताइवान की सेना ने हालात पर नजर रखी और जवाबी कार्रवाई की।
एक दिन पहले भी MND ने बताया था कि 61 चीनी विमानों ने सुबह 8:15 बजे तक उड़ान भरी और कई ने मीडियन लाइन पार की थी। इसके साथ ही कई नौसैनिक जहाज भी देखे गए थे।
बढ़ते खतरे के बीच ताइवान की सेना युद्ध तैयारी को प्राथमिकता दे रही है। रक्षा मंत्री वेलिंगटन कू के अनुसार, नए हथियारों के साथ सैनिकों को नए प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने कहा कि देश को लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा और हथियारों का भंडार बनाना जरूरी है
बांग्लादेश के चीफ एडवाइजर यूनुस 4 दिन के जापान दौरे पर रवाना, 1 अरब डॉलर के लोन पर बात करेंगे

बांग्लादेश के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस मंगलवार को चार दिन के आधिकारिक दौरे पर जापान रवाना हुए। वे टोक्यो में निक्केई फोरम में हिस्सा लेंगे और जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा से मुलाकात करेंगे।
बांग्लादेश जापान से 1 अरब डॉलर का सॉफ्ट लोन चाहता है, जिसमें 500 मिलियन डॉलर बजट के लिए और 250 मिलियन डॉलर रेलवे क्षेत्र के लिए मांगे गए हैं। द्विपक्षीय बातचीत के बाद औपचारिक रूप से घोषित होगी।
यात्रा के दौरान कुशल श्रमिकों को जापान भेजने पर भी चर्चा होगी। सरकार का लक्ष्य है कि 1 लाख प्रशिक्षित कामगार भेजे जाएं। इसके लिए भाषा और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अमेरिका के कनेक्टिकट में मॉल में गोलीबारी, 5 लोग घायल

अमेरिका के कनेक्टिकट राज्य के वॉटरबरी शहर में हुई गोलीबारी में 5 लोग घायल हो गए। घटना मंगलवार देर ब्रास मिल सेंटर मॉल में हुई।
वॉटरबरी पुलिस प्रमुख फर्नांडो स्पैग्नोलो ने बताया कि सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। हालांकि, उन्होंने घायलों की हालत के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
पुलिस के मुताबिक, हमलावर के पास एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल थी और वह पीड़ितों को जानता था। गोलीबारी से पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।
27 मई के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…

























