शुक्रवार की सुबह सात बजे रिलीज हो रही रणबीर कपूर, रश्मिका मंदाना और बॉबी देओल स्टारर फिल्म ‘एनिमल’ ने रिलीज की पूर्व संध्या पर एडवांस बुकिंग में पहले यशराज फिल्म्स स्पाई यूनिवर्स की फिल्म ‘टाइगर 3’ की एडवांस बुकिंग का रिकॉर्ड तोड़ा और इसके बाद अब ये फिल्म इस साल एक और बड़ी एडवांस बुकिंग लेने वाली फिल्म ‘आदिपुरुष’ से भी आगे निकल गई है। रिलीज से पहले ही ‘एनिमल’ के साढ़े 10 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। इस बीच फिल्म का प्रीमियर मुंबई में गुरुवार की रात शुरू हो चुका है।
फिल्म ‘एनिमल’ ने गुरुवार की देर शाम तक के आंकड़ों के मुताबिक एडवांस बुकिंग में करीब 27 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। दिन भर फिल्म की टिकटें बहुत रफ्तार से बिकीं और इसकी एडवांस बुकिंग से होने वाली कमाई ने सुबह फिल्म ‘जेलर’ का रिकॉर्ड तोड़ा। फिर शाम को ये फिल्म ‘टाइगर 3’ की एडवांस बुकिंग से आगे निकली। और गुरुवार रात करीब 9 बजे तक फिल्म ‘एनिमल’ की कमाई सिर्फ एडवांस बुकिंग से 27 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी थी।
रणबीर कपूर की अपनी फैन फॉलोइंग जबर्दस्त रही है और माना जा रहा है कि फिल्म ‘एनिमल’ न सिर्फ उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म बनने जा रही है बल्कि ये बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग के मामले में कुछ और नए रिकॉर्ड भी बना सकती है। रणबीर कपूर, रश्मिका मंदाना, बॉबी देओल, सुरेश ओबेरॉय, शक्ति कपूर, प्रेम चोपड़ा और तृप्ति डिमरी जैसे सितारों से सजी निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘एनिमल’ की एडवांस बुकिंग की रफ्तार देखते हुए फिल्म ‘टाइगर 3’ की सिनेमाघरों से विदाई शुरू हो गई है। वितरण से जुड़े सूत्र बताते हैं कि शुक्रवार से फिल्म ‘टाइगर 3’ गिनती के ही सिनेमाघरों में नजर आएगी। फिल्म ‘एनिमल’ की अभी जो एडवांस बुकिंग चल रही है, उसमें अकेले भारत के 15 हजार से ऊपर शोज शामिल हैं। शुक्रवार को फिल्म के पहले शो मुंबई और दिल्ली में सुबह करीब सात बजे शुरू होने वाले हैं।
उधर, मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो प्लाजा में गुरुवार की रात फिल्म ‘एनिमल’ की खास स्क्रीनिंग हो रही है। फिल्म के इस प्रीमियर के लिए सितारों का पहुंचना शुरू हो चुका है। रणबीर और रश्मिका खुद मेहमानों की अगवानी कर रहे हैं। यहां पहले पहुंचने वालों में रणबीर के ससुर महेश भट्ट, सास सोनी राजदान और फिल्म में काम कर रहे अभिनेता सुरेश ओबेरॉय और शक्ति कपूर शामिल हैं।
इस साल रिलीज हुई फिल्मों में एडवांस बुकिंग के मामले में ‘एनिमल’ आगे बस अब तीन फिल्में और हैं। इन फिल्मों की एडवांस बुकिंग से हुई कमाई इस प्रकार रही:
| फिल्म | एडवांस बुकिंग से कमाई (करोड़ रु. में) |
| पठान | 32.43 |
| जवान | 41.00 |
| लियो | 46.10 |




























