
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस।
– फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब के अमृतसर में ब्यास पुल पर वीरवार को भयानक हादसा हो गया। पुल के ऊपर सवारियों से भरी प्राइवेट बस और ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल है। जब हादसा हुआ तो वहां चीख-पुकार मच गई। टक्कर के बाद निजी बस के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद वहां ट्रैफिक जाम लग गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कस्बा ब्यास में दरिया के पुल के नजदीक एक सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार बस ईटों से भरी ट्राॅली से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्राली और बस दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वीरवार दोपहर को बाबा बुड्ढा प्राइवेट बस सर्विस गोल्डन एक्सप्रेस अमृतसर से जालंधर की ओर तेज रफ्तार से आ रही थी। जब वह ब्यास कस्बे के पास ड्रेन के पुल पर पहुंची तो वह ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली के पिछले हिस्से को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। बस उस ट्राली को काफी दूर तक घसीटते हुए लेकर चली गई, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में बस के कंडक्टर सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक दर्जन के करीब लोग घायल हो गए।
घायलों को ब्यास अस्पताल और कुछ लोगों को बाबा बकाला साहिब अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे की वजह से पूरा रास्ता जाम हो गया है। वहीं बस भी चकनाचूर हो गई। वहीं हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।



























