अबोहर थाना नंबर-1 की पुलिस ने हेरोइन व ड्रग मनी सहित ससुर और दामाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि कल देर शाम हेड कांस्टेबल जगजीत सिंह पुलिस टीम के साथ सीड फार्म पक्का के नजदीक भारत माला बाईपास पुल के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अजीत नगर निवासी जग्गा सिंह और सीड फार्म निवासी पूर्ण सिंह उक्त क्षेत्र में हेरोइन बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद जब दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर वहां से गुजर रहे थे तो पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन और 10 हजार रुपये नकद (ड्रग मनी) बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी आपस में रिश्ते में ससुर-दामाद हैं और हाल ही में नशे के इस अवैध धंधे में शामिल हुए थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा यह पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं कि नशे की खेप कहां से लाई गई और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।




























