लुधियाना। पंजाब के लुधियाना साउथ विधानसभा सीट से आप विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। अमेरिका से लौटने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट से लौटते समय खनौरी बॉर्डर के पास उनकी इनोवा कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उनके साथ मौजूद गनमैन को भी चोटें आई हैं।
दोनों को पहले हरियाणा के कैथल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद विधायक को लुधियाना रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। बाद में उन्हें छुट्टी देकर घर भेज दिया गया।
विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना हाल ही में अमेरिका के दौरे पर थीं, जहां उन्होंने एक कांफ्रेंस में हिस्सा लिया था। मंगलवार रात वह दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरीं। उन्हें लेने के लिए उनके पति, बेटा, गनमैन और ड्राइवर एयरपोर्ट पहुंचे थे। सभी लोग विधायक को साथ लेकर इनोवा गाड़ी से लुधियाना लौट रहे थे। जैसे ही गाड़ी खनौरी बॉर्डर के पास पहुंची, अचानक सामने कोई चीज आ गई, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई।
तेज टक्कर में गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और विधायक के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। गाड़ी की अगली सीट पर बैठे गनमैन को भी सिर और कंधे में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल विधायक और गनमैन को पहले कैथल स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए लुधियाना रेफर कर दिया।
राजिंद्रपाल कौर छीना 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पहली बार लुधियाना साउथ सीट से आप की टिकट पर जीती थीं। वह इलाके में महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रही हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारण का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।









![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











