चंडीगढ़। रामदरबार फेज-2 स्थित ईडब्ल्यूएस फ्लैट में एक व्यक्ति के फंदा लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नीरज कुमार (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार को घटना का पता तब चला, जब काफी आवाज देने पर भी नीरज कमरे से बाहर नहीं निकला। उसे फंदे पर लटकता देख परिजनों ने नीचे उतारकर सेक्टर-32 अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-31 थाना पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए एक व्यक्ति के फंदा लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस जब घटना स्थल पर पहुंची तो पता चला कि परिजन सेक्टर-32 अस्पताल ले गए हैं, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर पर गले पर फंदा लगाने से आए रस्सी के निशान के अलावा और कोई चोट या किसी अन्य घाव के निशान नहीं मिले हैं।