
बाइक सवार दो युवकों ने 17 मिनट के भीतर मोहाली और चंडीगढ़ में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। वीरवार सुबह 4.48 बजे मोहाली फेज-2 में जिम संचालक विकास उर्फ विक्की बाउंसर की टांग पर चार गोलियां मारीं। इसके बाद 5.05 बजे सेक्टर-52 में विक्की के दोस्त बीरू के होटल पर पांच गोलियां चलाईं। बाइक सवार आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। उधर, वारदात के 10 घंटे बाद बुड़ैल के रहने वाले रित्विक भारद्वाज उर्फ बिल्ला व अमन ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर इस घटना की जिम्मेदारी ली है।गढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने रित्विक भारद्वाज व अमन को शाम को गिरफ्तार कर लिया। घायल विकास उर्फ विक्की के भाई का आरोप है कि बुड़ैल जेल में बंद सूरज उर्फ भोलू और विकास के कहने पर वारदात को अंजाम दिया गया। विक्की का इलाज पीजीआई में चल रहा है। उसकी टांग में तीन गोलियां अंदर फंस गईं थीं जबकि एक आर-पार हो गई थी। सेक्टर-49 के रहने वाले विक्की का मोहाली फेज-2 की मुख्य मार्केट में एससीएफ नंबर-1 और 2 की पहली मंजिल पर मसल मेनिया नाम से जिम है। सुबह वह घर से जिम के लिए निकला था। जिम के बाहर कार से उतरते ही बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इसमें विक्की लहुलूहान होकर गिर पड़ा।




























