सिंधु जल संधि को लेकर भारत की तरफ से उठाए गए सख्त कदम के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट साफ तौर पर देखने को मिल रही है। मामले में पाकिस्तानी नेताओं की बयानबाजी और गीदड़ भभकियां भी लगातर सामने आ रही है। ऐसे में भारत के पूर्व राजनयिक और कनाडा में भारत के उच्चायुक्त रह चुके विकास स्वरूप ने पाकिस्तान की घबराहट और बौखलाहट के वास्तविक कारण को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की तरफ सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने से पाकिस्तान घबरा गया है। स्वरूप ने कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर जानबूझकर परमाणु युद्ध की धमकी दे रहे हैं ताकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान खींचा जा सके।
सिंधु जल संधि पर क्या बोले स्वरूप?
विकास स्वरूप ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान सिंधु नदी व्यवस्था पर बहुत अधिक निर्भर है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कह रहा है कि अगर भारत डैम बनाएगा तो वह उन्हें मिसाइल से उड़ा देगा। लेकिन ये कहना आसान है, करना नहीं। असीम मुनीर हमेशा परमाणु युद्ध का डर दिखाते हैं ताकि दुनिया के देश बीच में आएं और मध्यस्थता करें। ये सब एक तरह का परमाणु ब्लैकमेल है।बता दें कि बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए, जिनमें सिंधु जल संधि का निलंबन भी शामिल है।
ये भी पढ़ें:- Vote Theft Row: ‘अंतिम मतदाता सूची से नाम हटाने का दबाव नहीं बना सकते’; राहुल के दावों के बीच EC का फैक्ट चेक
भारत-अमेरिका व्यापार विवाद पर भी बोले स्वरूप
विकास स्वरूप ने अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ (शुल्क) को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत के सामान पर 50% तक का टैक्स लगा दिया है, लेकिन अब अमेरिका खुद ‘टैरिफ किंग’ बन गया है।
उन्होंने कहा कि भारत ने अमेरिका के दबाव में आकर अपने कृषि और डेयरी क्षेत्र को नहीं खोला, ये एक सही कदम है। भारत कोई छोटा देश नहीं है कि किसी का पिछलग्गू बन जाए। स्वरूप ने कहा कि हमारी रणनीतिक स्वतंत्रता हमारी विदेश नीति की नींव है। अमेरिका की औसत टैरिफ दर अब 18.4% है जबकि भारत की 15.98%। तो अब ‘टैरिफ किंग’ वही है। लेकिन इन टैरिफ्स का बोझ अमेरिकी उपभोक्ताओं पर ही पड़ेगा और अमेरिका में महंगाई बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें:- Maharashtra: मानहानि मामले में राहुल गांधी पर झूठी गवाही का आरोप, शिकायतकर्ता ने कोर्ट में दाखिल की अर्जी
विदेश मंत्रालय ने भी की पाकिस्तानी धमकी की आलोचना
विदेश मंत्रालय ने भी पाकिस्तान के सेना प्रमुख की अमेरिका में दी गई परमाणु धमकी की आलोचना की। साथ ही कहा कि परमाणु धमकी पाकिस्तान की आदत बन गई है। इससे दुनिया को पता चलता है कि वहां की सेना और आतंकी संगठनों की मिलीभगत में कितना खतरा है।
पहले पाकिस्तान की जल निर्भरता समझिए
गौरतलब है कि भारत के फैसले का पाकिस्तान पर बड़ा असर पड़ेगा क्योंकि वह अपनी 80% खेती और 93% पानी की जरूरत के लिए सिंधु नदी पर निर्भर है। यह नदी प्रणाली करीब 237 मिलियन लोगों और देश की जीडीपी का एक चौथाई खेती के जरिए चलाती है। पाकिस्तान सेना प्रमुख असीम मुनीर ने अमेरिका के फ्लोरिडा में पाक-अमेरिकी समुदाय से कहा कि अगर भारत डैम बनाएगा तो हम उसे नष्ट कर देंगे और अगर पाकिस्तान के अस्तित्व पर खतरा आया तो हम परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करेंगे।




























