मानसून का लगभग आधा सीजन बीत चुका है। बावजूद पंजाब में अब तक सामान्य से करीब 35 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। अगले कुछ दिन राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सोमवार को पंजाब के कुछ जिलों में बारिश हुई है। लुधियाना शहर में सुबह तेज बरसात हुई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ हद तक राहत मिली है। सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को खासी परेशानी भी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक चंडीगढ़ सहित पंजाब में आज रात से मौसम में बदलाव होगा। मंगलवार से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।




























