
चंडीगढ़ में सब्जियों के दाम बढ़े
– फोटो : संवाद
विस्तार
बरसात के कारण एक तरफ जहां गर्मी से राहत मिली है वहीं सब्जियों के दाम में तेजी आ गई हैं। स्थिति यह है कि महज चंद दिनों में सब्जियों की कीमत में प्रति किलो 10 से 20 रुपये तक का इजाफा हुआ है। ऐसे में लोगों का कहना है कि सब्जियों की महंगाई के कारण लगातार स्थिति खराब हो रही है। सस्ती सब्जियां खरीदने की बात अब सपना होती जा रही है।
सेक्टर 26 स्थित मंडी के सब्जी विक्रेता पिंटू ने बताया कि बरसात के कारण आवक तेजी से प्रभावित हो रहा है। जो सब्जियां मंडी में कम आ रही हैं उनके दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं गर्मी और उमस के कारण भी सब्जियां तेजी से खराब हो रही हैं। इस कारण भी मंडी में आने के बाद दाम में तेजी आ जाती है।
वहीं अपनी मंडी के सब्जी विक्रेता सूरत कुमार का कहना है कि आवक कम होने पर सेक्टरों में सब्जी की कीमत पर ज्यादा असर पड़ता है। क्योंकि जो सब्जी 50 से 60 रुपये किलो की दर से थोक में खरीदी जाती है उसमें से कुछ किलो माल खराब भी निकलता है। जिससे दाम बढ़ जाता है। ऐसे में दाम में कमी आवक और सब्जी की गुणवत्ता ठीक होने पर ही कम होती है।
सब्जियों पर हर वक्त महंगाई का साया
सब्जियों ने तो सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। उम्मीद लगाए रहो कि अब तो सब्जी के दाम कम होंगे, लेकिन निराशा ही हाथ लगती है। बरसात में तो ऐसा लग रहा है कि कुछ समय के लिए सब्जी खाना छोड़ना पड़ेगा। – गुरमीत कौर, सेक्टर 23
कभी प्याज तो कभी टमाटर के भाव रूलाते हैं, अब बरसता में तो सभी सब्जियां महंगी हो गई हैं। अगर शुरूआत में ये हाल है तो आने वाले दिनों में तो महंगाई से स्थिति खराब हो जाएगी। हमें सब्जी के विकल्प तलाशने पड़ेंगे। – सुमन सिंह, डड्डूमाजरा
चंद दिनों में रेट में इजाफा
सब्जी पहले अब
आलू 40 50
प्याज 40 50-55
टमाटर 50 60
घीया 50 70
अदरक 190 220
भिंडी 60 80
गोभी 80 100
खीरा 40 60-70
तोरई 50 80
(सब्जियों के दाम प्रति किलो के अनुसार है।)




























