पणजी15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सूचना को गुरुवार को रेगुलर मेडिकल चेकअप के लिए ले जाया गया। वह फिलहाल कैलंगुट पुलिस की कस्टडी में है।
बेंगलुरु की स्टार्ट कंपनी की CEO सूचना सेठ को पुलिस आज (12 जनवरी) गोवा के उसी सर्विस अपार्टमेंट लेकर जाएगी, जहां उसने अपने बेटे की हत्या की थी। फिलहाल पुलिस सूचना के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि वारदात को उसने अकेले अंजाम दिया, या उसका कोई साथी भी था।
पुलिस ने इस होटल के कमरे से तीन चीजें बरामद की हैं, जो पुलिस को इस केस को हल करने में मदद करेंगीं। इनमें एक चाकू, एक तौलिया और एक तकिया शामिल है। तौलिए पर खून के धब्बे हैं, जिनके बारे में सूचना ने कैब में बैठकर बेंगलुरु जाते वक्त पुलिस को बताया था कि वे उसके मंथली पीरियड के हैं।
हालांकि, पुलिस की थ्योरी यह है कि सूचना ने बेटे की हत्या करने के बाद चाकू से अपनी कलाई काटी थी। जब खून बहने लगा तो उसने तौलिए से रोकने की कोशिश की। वहीं, तकिए को लेकर पुलिस का मानना है कि सूचना ने इसी से अपने बेटे का मुंह दबाया होगा, जिससे उसकी सांस रुक गई और वह मर गया।
इन तीन चीजों के अलावा पुलिस ने उस लाल रंग के बैग को भी अपनी कस्टडी में ले लिया है, जिसमें सूचना अपने बेटे की बॉडी छिपाकर होटल से रवाना हुई थी। जिस टैक्सी से सूचना बेंगलुरु के लिए निकली थी, वह भी पुलिस कस्टडी में है।
पढ़िए पूरा मामला…

6 जनवरी को सूचना ने पति को मैसेज कर बेटे से मिलने को कहा था
सूचना अपने पति वेंकट रमन से अलग रह रही थी। दोनों के तलाक की प्रक्रिया चल रही थी। बच्चे की कस्टडी सूचना के पास थी और कोर्ट ने वेंकट को हर रविवार अपने बच्चे से मिलने की इजाजत दी थी।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि सूचना ने 6 जनवरी को अपने पति को मैसेज किया था कि वह अगले दिन बेटे से मिल सकता है। लेकिन 7 जनवरी को जब वह बेटे से मिलने पहुंचा तो पता चला कि मां-बेटे बेंगलुरु में नहीं हैं। इसके बाद वेंकट रमन उसी दिन इंडोनेशिया के लिए रवाना हो गया।
गोवा के होटल मैनेजर ने बताया कि सूचना ने 6 जनवरी से 10 जनवरी तक के लिए एडवांस में कमरा बुक किया था। लेकिन, 7 ओर 8 जनवरी की दरम्यानी रात 12:30 बजे उसने अचानक चेक-आउट कर लिया। इससे पहले उसने दिन में बेटे के लिए दो कफ सिरप की बोतल भी रिसेप्शन से ऑर्डर की थीं।
होटल से चेक-आउट के बाद सूचना ने टैक्सी से जाने की जिद की
7-8 जनवरी की दरम्यानी रात सूचना लाल रंग का एक ट्रॉली बैग लेकर होटल से निकली थी। बैग काफी भारी था। इसमें उसने बेटे की लाश छिपाई थी। लाश का किसी को पता न चले, इसलिए उसने होटल स्टाफ को टैक्सी बुलाने को कहा।
जिस होटल में सूचना ठहरी थी, वहां के मैनेजर ने पुलिस को बताया कि होटल स्टाफ ने बताया कि उन्होंने सूचना को समझाया कि बेंगलुरु की फ्लाइट सस्ती पड़ेगी, लेकिन वह टैक्सी की ही जिद करती रही। इसके लिए उसने 30 हजार रुपए में डील की।
हालांकि, सूचना का प्लान कामयाब नहीं हुआ। दरअसल, जिस टैक्सी को उसने ये सोच कर बुक किया था कि बेटे की बॉडी छिपाकर ले जा सकेगी, उसी टैक्सी के ड्राइवर ने सूचना को पुलिस के सुपुर्द किया।

कर्नाटक के बेंगलुरु में हरिश्चंद्र घाट पर बुधवार (10 जनवरी) को सूचना सेठ के पति ने चार साल के बच्चे का अंतिम संस्कार किया।
टैक्सी ड्राइवर की सूझबूझ से पुलिस की गिरफ्त में आई सूचना
टैक्सी ड्राइवर की पहचान नॉर्थ गोवा के रहने वाले रॉय जॉन डिसूजा के रूप में की गई है। उसने मीडिया को बताया कि उसे 7 जनवरी की रात 11 बजे होटल के रिसेप्शनिस्ट ने कॉल किया था। उसने कहा कि सूचना को बेंगलुरु जाना है। 30,000 रुपए किराये पर बात पक्की हुई थी।
उसके मुताबिक, वह रात 12.30 बजे अपने एक साथी के साथ होटल पहुंचा था। सूचना ने बताया कि उसे बेंगलुरु में अर्जेंट काम है। इसके बाद वे रात में ही बेंगलुरु के लिए निकल गए। गोवा-कर्नाटक बॉर्डर पर सूचना 4 घंटे ट्रैफिक में फंसी रही। इस दौरान, उसे सूचना के व्यवहार पर हैरानी हुई। बस यहीं से सूचना के पकड़े जाने की कहानी शुरू हुई।
इस बीच गोवा के होटल स्टाफ को सूचना के कमरे में खून के धब्बे मिल चुके थे, जिसके बाद उन्होंने गोवा पुलिस को इंफॉर्म किया। पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर को कॉल करके उससे सूचना के बारे में पूछताछ की। शक बढ़ने पर ड्राइवर को नजदीकी पुलिस स्टेशन पहुंचने को कहा। लेकिन ड्राइवर के लिए ये आसान नहीं था। ड्राइवर ने कैसे पुलिस की मदद की और सूचना को पुलिस स्टेशन पहुंचाया… ये पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की बात
बुधवार (10 जनवरी) को बच्चे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी सामने आई। कर्नाटक के हिरियूर सरकारी अस्पताल के डॉक्टर कुमार नाइक ने बताया कि बच्चे की हत्या गला घोंटकर की गई है। ऐसा लग रहा है कि तकिया या तौलिया से गला घोंटा गया है। हाथ का इस्तेमाल नहीं हुआ है। बच्चे का चेहरा और छाती सूज गई थी। उसकी नाक से खून भी बहा था। बच्चे की मौत पोस्टमॉटर्म से करीब 36 घंटे पहले हुई थी।
सूचना ने शादी के 12 साल बाद पति से तलाक का फैसला लिया
पुलिस के मुताबिक, सूचना मूल रूप से पश्चिम बंगाल की निवासी है। वह बेंगलुरु में रहती थी। 2010 में सूचना की शादी केरल के रहने वाले वेंकट रमन से हुई थी। वेंकट रमन एक AI डेवलपर हैं। 2019 में सूचना ने एक बेटे को जन्म दिया।
हालांकि, 2020 से सूचना और उसके पति के बीच विवाद शुरू हो गया। 2021 से दोनों अलग रहने लगे। फिर 2022 में तलाक की अर्जी लगाई। कोर्ट ने आदेश दिया था कि सूचना के पति अपने बच्चे से हर रविवार को मिल सकते हैं।

सूचना सेठ और वेंकट रमन की 2010 में शादी हुई थी। 2019 में सूचना ने एक बेटे को जन्म दिया। इसके बाद दोनों ने 2022 में तलाक की अर्जी लगाई।
सूचना को पति और उसके बच्चे का मिलना पसंद नहीं था
सूचना नहीं चाहती थी कि उसका पति बेटे से मिले। पुलिस को शक है कि इसी वजह से सूचना ने अपने बेटे की हत्या की होगी। सूचना ने अगस्त 2022 में पति पर अगस्त में घरेलू हिंसा का भी आरोप लगाया था। उसने कहा था- पति मेरा और मेरे बेटे का शारीरिक शोषण करता है।
सूचना ने दावा किया था कि उसके पति की सालाना इनकम 1 करोड़ रुपए से ज्यादा है। उसने गुजारा भत्ते के तौर पर पति से हर महीने 2.5 लाख रुपए की मांग की थी।
घटना के वक्त सूचना का पति वेंकट रमन जकार्ता (इंडोनेशिया) में था। गोवा पुलिस की सूचना पर वे 9 जनवरी को कर्नाटक के चित्रदुर्ग आए। उसकी सहमति के बाद बेटे के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। वेंकट ने बुधवार (10 जनवरी) को बेंगलुरु के हरिश्चंद्र घाट पर बेटे का अंतिम संस्कार किया।

महिला के एक्स हसबैंड वेंकट रमन जकार्ता (इंडोनेशिया) से कर्नाटक के चित्रदुर्ग पहुंचे।
सूचना AI एथिक्स लिस्ट में 100 प्रतिभाशाली महिलाओं में शामिल
सूचना सेठ की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एथिक्स एक्सपर्ट और डेटा साइंटिस्ट हैं। उसके पास डेटा साइंस और AI में काम करने का 12 साल का अनुभव है।
सूचना साल 2021 में AI एथिक्स लिस्ट में 100 प्रतिभाशाली महिलाओं की लिस्ट में शामिल थी। इसके अलावा वह डेटा एंड सोसाइटी में मोजिला फेलो, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के बर्कमैन क्लेन सेंटर में फेलो और रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट में रिसर्च फेलो रह चुकी है।
सूचना की कंपनी द माइंडफुल AI लैब की वेबसाइट के अनुसार, इस कंपनी के पास AI एथिक्स, मशीन लर्निंग सिस्टम के डेवलपमेंट और स्केलिंग की एक्सपर्टीज है। यह कंपनी डेटा साइंस प्रोजेक्ट लाइफ साइकिल और रियल वर्ल्ड में AI सिस्टम को तैनात करने की चुनौतियों को समझती है।
ये खबरें भी पढ़ें…
पुलिस बोली- महिला CEO ने बच्चे का मर्डर प्लान किया: होटल में कफ सिरप की हैवी डोज दी, पोस्टमॉर्टम में दम घुटने से मौत की बात

गोवा पुलिस ने सूचना को मंगलवार (9 जनवरी) को गिरफ्तार किया। उसे पणजी के मापुसा कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 6 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।
बेंगलुरु की स्टार्टअप कंपनी की CEO सूचना सेठ ने अपने 4 साल के बेटे की हत्या प्लान की थी। इसी प्लानिंग के तहत 39 साल की सूचना अपने बेटे को लेकर गोवा आई और होटल रूम में उसका मर्डर किया। गोवा पुलिस ने मर्डर के दो दिन बाद बुधवार को इस बात की आशंका जाहिर की है।
गोवा पुलिस के मुताबिक, जिस होटल के कमरे में महिला रुकी हुई थी, वहां से कफ सिरप की दो खाली बॉटल्स बरामद हुई हैं। पुलिस को शक है कि मर्डर से पहले सूचना ने अपने बेटे को कफ सिरप की हैवी डोज दी होगी। पूरी खबर पढ़ें…
महिला CEO ने 4 साल के बेटे की हत्या की: गोवा से शव लेकर बेंगलुरु जाते समय गिरफ्तार, होटल में खून मिलने से खुलासा

बेंगलुरु की एक स्टार्टअप कंपनी की CEO ने गोवा के एक होटल में अपने 4 साल के बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बैग में भरकर टैक्सी से बेंगलुरु के लिए रवाना हो गई। गोवा पुलिस की जानकारी के बाद कर्नाटक पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
उसके बैग से बेटे की बॉडी बरामद हुई है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि सूचना ने पहले होटल में अपने बेटे का गला घोंटकर उसे मार डाला, इसके बाद धारदार हथियार से अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या की कोशिश की। पूरी खबर पढ़ें…



























