पुणे1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

टक्कर से ट्रक और कार में आग लग गई। कार सवारों को निकलने का मौका भी नहीं मिला।
पुणे के बाहरी इलाके में नवले ब्रिज के पास गुरुवार शाम ट्रक का ब्रेक फेल होने से 20 से 25 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। ट्रक और कंटेनर के बीच में फंसी एक कार में आग लग गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई 20 लोग घायल हो गए। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
मरने वालों में 5 कार सवार थे। ट्रक के ड्राइवरों की भी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा पुणे-नासिक हाईवे पर भोरगांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से कंटेनरों के बीच दब गई और आग लगने के कुछ सेकेंड में ही लपटों में घिर गई।
मृतकों की पहचान की जा रही है। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित रहा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया है।
हादसे की तस्वीरें

जब हादसा हुआ तब सड़क पर बड़ी संख्या मेंं वाहन थे।

हादसा होते ही अफरा तफरी मच गई। सड़क पर टूटे वाहनों के टुकड़े बिखरे दिखे।
कई वाहन आपस में भिड़े
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे में घायल हुए सभी लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सतारा से पुणे की ओर आ रहे दोनों ट्रको के बीच कार फंस गई थी। इससे दोनों ट्रकों और कार में आग लग गई।
हादसे के कारण नवले ब्रिज पर लंबा जाम लग गया है। पीछे वाले ट्रक का ड्राइवर अभी भी ट्रक में फंसा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और वह आगे जा रही कार से टकराया जिससे वह कंटेनर से जा भिड़ी और उसमें आग लग गई। उसमें 5 लोग सवार थे, कार पूरी तरह जल गई। ट्रक में भी आग लग गई इससे ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका। उसकी भी मौत हो गई।
पीछे एक यात्री वाहन था, वह भी आग की चपेट में आ गया। उसमें 17-18 लोग सवार थे। सभी घायल हुए हैं। इसके अलावा कुछ कारें और अन्य वाहन भी आपस में टकरा गए।
CM फडणवीस ने मदद का ऐलान किया
CM देवेंद्र फडणवीस ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और मरने वालों के परिवार को 5-5 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया।
सांसद सुप्रिया सुले ने भी हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।





























