- Hindi News
- National
- 100 Roads Closed In Himachal, 22 Bodies Recovered; 317 Mm Rain In Cuttack In 24 Hours; Alert In 24 States
नई दिल्ली27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

देश के ज्यादातर राज्यों में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार (8 अगस्त) को 24 राज्यों में भारी बारिश की बात कही है। ओडिशा में भी बारिश जारी है। 7 अगस्त को कटक में कटक के बांकी में 317 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, ओडिशा के 5 अन्य जिलों में 121 से 196 मिमी के बीच बारिश हुई।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश जारी है। बुधवार को भी लैंडस्लाइड के कारण राज्य की 100 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। इसमें मंडी में 37, शिमला में 29, कुल्लू में 26, कांगड़ा में 6, किन्नौर-लाहौल-स्पीति में 4-4, सिरमौर में 2 और हमीरपुर में 1 सहित कुल 109 सड़कें बंद हैं। वहीं, कुल्लू-मंडी में बादल फटने के बाद बहे 22 लोगों के शव मिले। 30 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। इनमें से 25 लोग शिमला के समेज गांव हैं।

राजस्थान के मरुस्थल में लूणी नदी का पानी पहुंचा, यूपी के 66 जिलों में लगातार बारिश
पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में पिछले तीन दिन की बारिश के बाद रेगिस्तान में सूखी पड़ी लूणी नदी में भी पानी आ गया। बुधवार सुबह अजमेर और जोधपुर से होते हुए ये नदी बाड़मेर के रेगिस्तानी इलाके में पहुंची तो लोग नाचने लगे। लगातार दूसरे साल जब इस नदी में पानी आया तो लोगों ने चुनरी ओढ़ाकर और पूजा अर्चना कर स्वागत किया।
राजस्थान की गंगा भी कही जाने वाली लूणी नदी अजमेर के नाग पहाड़ी से निकलती है। राज्य के 9 जिलों से होती हुई ये नदी गुजरात पहुंचकर अरब सागर में मिल जाती है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ-गोरखपुर समेत 66 जिलों में कई घंटे लगातार बारिश हुई। मुरादाबाद में इतनी बारिश हुई कि रेल ट्रैक पानी में डूब गया। पीलीभीत में सड़क बह गई। बिजनौर के एक गांव में मगरमच्छ घुस गया। प्रयागराज में गंगा का पानी 1200 घरों में भर गया। संगम के लेटे हनुमान मंदिर तक गंगा का पानी पहुंच गया। वाराणसी में 50 से ज्यादा घाट गंगा में डूब गए हैं।
इधर, मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश फिलहाल थमी है। हालांकि बुधवार को कई जिलों में हल्की और मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। नर्मदा में जल स्तर बढ़ने पर इंदिरा सागर डैम के 12 गेट और ओंकारेश्वर डैम के 9 गेट खोलकर पानी छोड़ा गया।

देशभर से बारिश की तस्वीरें…


ये धुंधाड़ा गांव है, जो जोधपुर और बाड़मेर जिले की सीमा पर है। लूणी नदी के बहाव को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। बीरभूम जिले के थीबा गांव में कूये नदी का जलस्तर बढ़ने से बैराज टूट गया। बीरभूम में 7 अगस्त को 55% कम बारिश हुई।

जम्मू में भी भारी बारिश का दौर जारी है। एक इलाके में पानी भरने से फंसी कार को निकालते लोग। जम्मू में 7 अगस्त को सा मान्य से 39% कम बारिश हुई।

गुवाहाटी में भी काफी बारिश हो रही है। एक इलाके में सड़कों पर भरे पानी को पंप के जरिए निकाला जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भारी बारिश के बाद व्यास नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। कुल्लू में 7 अगस्त को सामान्य से 59% कम बारिश हुई।

मध्य प्रदेश के रीवा में नदी के बीच से तीन युवकों का रेस्क्यू किया गया। रीवा में 7 अगस्त को सामान्य से 100% कम बारिश हुई।
9 अगस्त को 4 राज्यों में बहुत भारी और 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग के मुताबिक, 9 अगस्त को बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश (12 सेमी से ज्यादा) हो सकती है।
- हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश (7 सेमी से ज्यादा) का अलर्ट है।





























