जब बालों के स्वास्थ्य की बात आती है तो नारियल का तेल, प्याज का तेल और बादाम का तेलों की चर्चा खूब होती है. लेकिन अगर आप बालों के झड़ने का तरीका खोज रहे हैं तो कई लोग आपको रोजमेरी का तेल का उपयोग करने की सलाह देंगे. आपको बता दें कि यह केवल सोशल मीडिया ट्रेंड नहीं है बल्कि ऐसी कई रिसर्च में साबित हुआ है रोजमैरिनस ऑफिसिनैलिस पौथों से प्राप्त तेल बालों की ग्रोथ को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है. हालांकि इसके साइड इफेक्ट्स भी हैं. वास्तव में अगर इसे सही तरीके से नहीं लगाया जाता है तो यह बालों की ग्रोथ की जगह उनके झड़ने का कारण बन सकता है.
1. बिना डाइलूट किए इसे लगाना है खतरनाक
रोजमेरी के तेल को किसी कैरियर ऑयल जैसे नारियल या सरसों के तेल के बिना सीधे स्कैल्प पर लगाने से आपकी सिर की त्वचा पर जलन हो सकती है. विशेषज्ञ कहते हैं कि इससे लालिमा, खुजली और स्कैल्प में सूजन हो सकती है. क्षतिग्रस्त स्कैल्प बालों के रोम छिद्रों को कमजोर कर सकता है जिससे बाल झड़ने लगते हैं.
2. अधिक उपयोग और तेल का जमाव
इस तेल को बार-बार इस्तेमाल करने से बचें. इसे रोजाना या अत्यधिक मात्रा में लगाने से स्कैल्प पर तेल और सीबम जम सकता है. इससे बालों के रोम बंद हो सकते हैं और प्राकृतिक तेल का उत्पादन रुक सकता है. इससे या तो स्कैल्प रूखी हो जाएगी या फिर अत्यधिक चिकनी हो सकती है जो दोनों ही बालों को कमजोर करने और बालों के झड़ने में योगदान कर सकते हैं.
3. एलर्जी
किसी प्रकार की एलर्जी से जूझ रहे लोगों को इस तेल को लगाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए. एलर्जी में इस तेल को लगाने से आपको सिर में बार-बार खुजली हो सकती है. स्कैल्प को बार-बार खुजलाने से आपके बालों के रोम क्षतिग्रस्त हो सकते हैं. यह प्राकृतिक बालों के विकास में बाधा डाल सकता है और बालों के झड़ने का कारण बन सकता है.




























