![]()
गुरुग्राम में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर तैयारियों का जायजा लेते स्पीकर हरविंद्र कल्याण।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण रविवार को गुरुग्राम के इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (आई-कैट) पहुंचे। वे यहां 3 और 4 जुलाई को होने वाले राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने आए थे।
.
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन हरियाणा में पहली बार हो रहा है, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 500 से ज्यादा प्रतिनिधि (डेलिगेट्स) शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में आने वाले सभी मेहमानों को अच्छा अनुभव मिले और हरियाणा की “अतिथि देवो भवः” परंपरा का पूरा पालन हो।
प्रशासनिक क्षमता को देशभर में दिखाने का मौका मिलेगा
हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि इस आयोजन से गुरुग्राम की पहचान और हरियाणा की प्रशासनिक क्षमता को देशभर में दिखाने का मौका मिलेगा। हरियाणा का खाना, सेवा भाव और संस्कृति पहले से ही पूरे देश में मशहूर हैं। सम्मेलन के ज़रिए देश के कोने-कोने से आए लोग हरियाणा की सभ्यता, आधुनिक सेवाओं और मेहमाननवाजी का अनुभव करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि डेलिगेट्स के रहने, खाने, इलाज, यात्रा, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पूरी तैयारी होनी चाहिए। सम्मेलन के दौरान शहरी विकास और नागरिक सेवाओं पर चर्चा होगी, जिससे सभी राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशन पर लगेंगे हेल्प डेस्क
बैठक में जानकारी दी गई कि दिल्ली एयरपोर्ट और नई दिल्ली एवं गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर लोकसभा सचिवालय के सहयोग से हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। वहीं, गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से पूरे कार्यक्रम की निगरानी और समन्वय होगा। इसके अतिरिक्त एक कंट्रोल रूम आयोजन स्थल पर बनाया जाएगा।
प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
बैठक में डीसी अजय कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन ने डेलिगेट्स के ठहरने, यातायात प्रबंधन व सुरक्षा इंतजामों को लेकर कार्य प्रारंभ कर दिया है। आयोजन से संबंधित सभी क्षेत्रों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को एक आदर्श मेजबान के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर डीसी अजय कुमार, नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया, हरियाणा विधानसभा के सचिव डा. सतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष के सलाहकार राम नारायण यादव, डीसीपी हेडक्वार्टर दीपक, डीसीपी ट्रैफिक डॉ राजेश मोहन, एडीसी एवं आयोजन के नोडल अधिकारी वत्सल वशिष्ट, हॉस्पिटैलिटी विभाग से अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) योगेश कुमार, सीटीएम रविंद्र कुमार व लोकसभा सचिवालय से निदेशक डा. जूबी अमर, वाई आदि मौजूद रहे।











![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)












