
दिवाली का त्यौहार
बुराई पर अच्छाई की जीत को सेलिब्रेट करने के लिए हर साल दिवाली का त्यौहार मनाया जाता है। इस दिन भारत में लोग अपने-अपने घरों में दीये जलाते हैं, एक दूसरे के घरों में जाकर मिठाइयां बांटते हैं और लक्ष्मी-गणेश की पूजा करते हैं। भारत में इस त्यौहार को बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत के साथ-साथ कुछ दूसरे देशों में भी इस त्यौहार को मनाया जाता है।
सिंगापुर और मलेशिया
आपको बता दें कि भारत के अलावा सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों में भी दिवाली के त्यौहार को काफी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इन देशों में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोगों के लिए दिवाली एक बड़ा त्यौहार होता है। क्या आप जानते हैं कि सिंगापुर में दिवाली के समय रौशनी और सजावट भी की जाती है? वहीं, मलेशिया में दिवाली को हरि दीपावली के नाम से जाना जाता है। यहां पर लोग इस दिन प्रार्थना करते हैं और एक दूसरे से मिलते हैं।
नेपाल में भी मनाई जाती है दिवाली
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नेपाल में भी पांच दिनों तक चलने वाले इस त्यौहार को मनाया जाता है। इस देश में दिवाली को तिहार कहा जाता है। सबसे पहले कौए की पूजा, उसके बाद कुत्ते की पूजा और फिर गाय की पूजा की जाती है। मुख्य दिन पर लक्ष्मी माता की पूजा की जाती है। नेपाल में भाई दूज को भाई टीका के नाम से जाना जाता है।
श्रीलंका और मॉरीशस
क्या आप जानते हैं कि श्रीलंका में भी दिवाली के त्यौहार को सेलिब्रेट किया जाता है। तमिल समुदाय के लोगों के बीच में इस त्यौहार की काफी ज्यादा मान्यता है। श्रीलंका में दीये जलाए जाते हैं और लोग अपने घर में मिठाइयां भी बनाते हैं। इसके अलावा मॉरीशस में भारतीय लोगों की अच्छी खासी तादाद रहती है। यही वजह है कि इस देश में भी दिवाली के त्यौहार को काफी ज्यादा धूम-धाम से मनाया जाता है। इन सभी देशों में दिवाली के त्यौहार को उत्साह के साथ सेलिब्रेट किया जाता है।
Latest Lifestyle News





























