गुलजार सिंह सुसाइड केस को लेकर कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर ‘आप’ सरकार को आड़े हाथों लिया है। सत्ताधारी दिग्गजों मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और आप प्रदेश अध्यक्ष के क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
राहुल गांधी ने बेहद मार्मिक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सरकार की नाकामी पर सवाल उठाने वालों को धमकी और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह ने अपने बेटे को नशे के दलदल में धंसते देख सीधे सूबे के वित्त मंत्री से पूछा था कि सरकार ड्रग्स का कारोबार रोकने में इतनी बुरी तरह नाकाम क्यों है?
इस सीधे सवाल के बदले उन्हें इस कदर प्रताड़ित और अपमानित किया गया तथा माफी मांगने का दबाव बनाया गया कि आहत होकर उन्होंने जहर खा लिया। एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकने के बावजूद, समय पर इलाज न मिलने के कारण आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।