
पंजाब में सभी नागरिकों के लिए 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर देने की तैयारी की गई है।
चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने सूबे के सभी लोगों को कैशलेस इलाज देने के लिए 10 लाख रुपये का बीमा कवर देने का फैसला किया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि सूबे में कैशलेस स्वास्थ्य योजना शुरू होने वाली है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पंजाब के 3 करोड़ लोगों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। सिंह ने कहा, ‘यह योजना पंजाब के तीन करोड़ निवासियों के लिए है। उन्हें 10 लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। योजना में प्राइवेट और सरकारी अस्पताल दोनों शामिल होंगे।’
अगले 3-4 महीनों में स्वास्थ्य कार्ड मिल जाएंगे
योजना पर बात करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने आगे बताया कि करीब 600 प्राइवेट अस्पताल और 8 केंद्र सरकार के अस्पताल इस योजना में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना 15 जनवरी को मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा औपचारिक रूप से शुरू की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वास्थ्य विभाग को योजना शुरू करने के लिए जरूरी इंतजाम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, योजना के तहत ज्यादातर लाभार्थियों को अगले 3-4 महीनों में स्वास्थ्य कार्ड मिल जाएंगे। इसके बाद मरीज 10 लाख रुपये तक का इलाज बगैर कोई भुगतान दिए करा पाएंगे।
मान ने पिछले साल किया था योजना का ऐलान
स्वास्थ्य मंत्री द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इन कार्ड के जरिए लोग राज्य भर में 800 से ज्यादा प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में बिना नकद भुगतान के इलाज करवा सकेंगे। पिछले साल सितंबर में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस राज्य स्वास्थ्य बीमा योजना की घोषणा की थी। उन्होंने इस योजना का ऐलान करते हुए कहा था कि पंजाब के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। इस सुविधा को ‘सीएम हेल्थ कार्ड’ के जरिए दिया जाएगा।’ माना जा रहा है कि अगर यह योजना सुचारू रूप से लागू हो गई तो पंजाब को आम आदमी को इससे काफी फायदा होगा।



















![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)







