
संतरे वाला जर्दा रेसिपी
अगर आपको कुछ खट्टा मीठा खाने का मन है तो आप ज़र्दा बनाकर खा सकते हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि ज़र्दा तो मीठा होता है इसमें खट्टा स्वाद कैसे आएगा। तो हम आपके लिए लेकर आए हैं संतरे वाला ज़र्दा, इन्हें ऑरेंज राइस भी कह सकते हैं। कॉमेडियन भारती सिंह ने अपने यूट्यूब ब्लॉग में संतरे का जर्दा बनाने की रेसिपी शेयर की है। आप भी जान लें कैसे बनाते हैं संतरे का जर्दा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी।
संतरे का ज़र्दा बनाने की रेसिपी
संतरे का जर्दा बनाने के लिए सामग्री- संतरे का जर्दा बनाने के लिए आपको 1 कप चावल लेने हैं। थोड़े काजू, बादाम, किशमिश और पिस्ता को बारीक काट लें। मीठे के लिए चीनी की जगह पिसी हुई मिश्री का इस्तेमाल करें। फ्लेवर के लिए हरी इलायची, तेज पत्ता, कलर के लिए ऑरेंज फूड कलर लेना है। ज़र्दा में मावा से अलग स्वाद आएगा तो करीब आधा कप मावा ले लें। 2 संतरे लें।
पहला स्टेप- ज़र्दा बनाने के लिए चावल को धोकर भिगो दें। अब एक पैन में 2-3 कप पानी उबलने के लिए रख दें। पानी में इलायची, तेज पत्ता डालकर उबालें। छन्नी की मदद से आप चाहें तो ये खड़े मसाले निकाल भी सकते हैं। या इसमें ही रहने दे सकते हैं। अब उबलते पानी में चावल डालें, आधा चम्मच देसी घी और फूड कलर मिला दें। चावल को हल्का पकने तक उबालें और फिर पानी को छालकर अलग कर दें। ज़र्दा के चावल बहुत ज्यादा गले हुए नहीं होने चाहिए।
दूसरा स्टेप-अब पैन में 1 चम्मच घी डालें और सारे ड्राई फ्रूट्स को हल्का फ्राई कर लें। इसमें कच्चा नारियल भी काटकर या कद्दूकस करके मिला सकते हैं। अब नारियल को भी फ्राई कर लें और निकाल लें। अब पैन या कुकर में 1 चम्मच घी और डालें। इसमें ऑरेंज चावल मिला दें। 2-3 मिनट के लिए हल्का पकाएं और फिर इसमें स्वादानुसार मिश्री पाउडर डाल दें।
तीसरा स्टेप- सारी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर दें और ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डाल दें। अब संतरे का रस किसी बर्तन में निकाल लें जिससे बीज अंदर न जाएं। अब चम्मच की मदद से फैलाते हुए सारे चावल में संतरे का रस मिला दें। संतरे का रस अपनी पसंद के हिसाब से कम या ज्यादा रख सकते हैं। ऊपर से मावा डालकर थोड़ी देर सारी चीजों को सेट होने के लिए छोड़ दें।
तैयार है संतरे का ज़र्दा, जो दिखने में तो खूबसूरत लगता ही है साथ ही स्वाद भी गजब का होता है। आप इसे घर में आसानी से बना सकते हैं। कुछ खट्टा मीठा खाने का मन हो तो आप इसे बनाकर खा सकते हैं। संतरे का ज़र्दा आपको एकदम अलग ही फ्लेवर देगा।
Latest Lifestyle News




























