सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मधुसूदन उर्फ मैड संधू की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। पहले गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन के नाम से पोस्ट सामने आई थी। अब स्पेन में बैठे बताए जा रहे लक्की जोहल के नाम से एक ऑडियो वायरल हुआ है।
ऑडियो में कहा जा रहा है कि कुछ अन्य लोग भी हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा कर रहे हैं। उन्हें चुनौती देते हुए कहा गया कि वे सामने आएं और उनसे ग्राउंड लेवल पर मुकाबला करने के लिए तैयार रहें। हालांकि, लक्की जोहल के नाम से वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस की ओर से भी अभी इसे प्रमाणित नहीं किया गया है। इसी तरह गोल्डी ढिल्लों के नाम से सामने आई पोस्ट को भी पुलिस जांच का हिस्सा बताया गया है।
हत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक्टिव थी मैड संधू
मैड संधू ने हत्या से करीब एक घंटे पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी। पोस्ट में उन्होंने ‘मेनू माही मिलवा दे’ लिखा था। इसके बाद शाम करीब छह बजे लोहारका रोड पर कार वॉश सेंटर के पास दो बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।






















