
मेथी के पराठे
सर्दियों के मौसम में मेथी के परांठे खाना हर किसी को खूब पसंद होता है। लेकिन कई बार मेथी की हल्की कड़वाहट स्वाद बिगाड़ देती है। अच्छी बात यह है कि एक छोटा-सा उपाय इस कड़वाहट को पूरी तरह कम कर देता है। बस आटा गूंधने से पहले आटे में ये एक चीज़ अगर मिला देंगे तो पराठों में कोई कड़वाहट नहीं होगी। चलिए जानते हैं कैसे बनाएं?
मेथी के परांठे बनाने के लिए सामग्री:
ताज़ी मेथी 1 कप बारीक कटी हुई, गेहूं का आटा 2 कप, दही 2–3 बड़े चम्मच, हरी मिर्च 1–2 बारीक कटी, अदरक 1 छोटा टुकड़ा कद्दूकस किया हुआ, लाल मिर्च पाउडर आधा छोटा चम्मच, हल्दी आधा छोटा चम्मच, धनिया पाउडर आधा छोटा चम्मच, अजवाइन आधा छोटा चम्मच, नमक स्वादानुसार, तेल/घी परांठा सेंकने के लिए
मेथी के परांठे बनाने की विधि:
पहला स्टेप: एक बड़े बर्तन में आटा लें और इसमें दही डालकर हाथों से अच्छी तरह मिलाएँ। आटा गूंधते समय थोड़ी सी दही मिलाने से मेथी का पराठा कड़वा नहीं लगता है। दही मेथी की कड़वाहट को संतुलित कर देता है और परांठे और भी मुलायम बनते हैं।
दूसरा स्टेप: आटा गूंथते समय उसमें मेथी, अजवाइन, अदरक, हरी मिर्च, मसाले और नमक डालें। धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें और 10 मिनट ढककर रख दें।
तीसरा स्टेप: आटा गूंथने के बाद आटे की लोइयां बनाएं और परांठे बेल लें। अब गैस ऑन कर तवा गर्म करें, थोड़ा तेल/घी डालकर परांठे को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें।
चौथा स्टेप: अब, इन परांठों को दही, अचार या सफेद मक्खन के साथ परोसें। अब मेथी के परांठे कड़वे नहीं, बल्कि बेहद स्वादिष्ट बनेंगे!
मेथी के फायदे
मेथी के परांठे स्वाद में जितने लाजवाब होते हैं, सेहत के लिए भी उतने ही फायदेमंद होते हैं। मेथी में मौजूद फाइबर, आयरन, विटामिन और एंटी-ऑक्सीडेंट इसे एक सुपरफूड बनाते हैं। मेथी में घुलनशील फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन सुधारता है और कब्ज़ की समस्या दूर करता है। डायबिटीज़ वालों के लिए मेथी वाले परांठे एक अच्छा विकल्प है. मेथी की पत्तियों में आयरन व कैल्शियम होते हैं, जो हड्डियों और खून की कमी की समस्या को कम करने में सहायक रहते हैं।मेथी में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट और फाइबर खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने में मदद करते हैं, जिससे दिल की सेहत बेहतर रहती है।
Latest Lifestyle News


























