श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में ब्रज रज उत्सव चल रहा है. ब्रज रज उत्सव में अध्यात्म और संस्कृति के रंग घुले हैं तो वहीं आज यानी 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भक्ति के रस में सराबोर कान्हा की नगरी पहुंच रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब चार घंटे के दौरे पर मथुरा पहुंचेगें. पीएम मोदी मथुरा पहुंचने के बाद सबसे पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करने जाएंगे.
नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करने वाले पहले नेता होंगे. आजादी के बाद से अब तक किसी प्रधानमंत्री की यह पहली ऐसी मथुरा यात्रा है जिसमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर दर्शन करने का कार्यक्रम है. पीएम मोदी श्रीकृष्ण जन्मभूमि के बाद रेलवे मैदान पहुंचकर भक्त मीराबाई जन्मोत्सव में शामिल होंगे.
प्रोटोकॉल के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मथुरा में चार घंटे और पांच मिनट तक रुकेंगे. तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी हेलिकॉप्टर से मथुरा पहुंचेंगे और इसके बाद उनके सड़क मार्ग से श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचने का कार्यक्रम है. वह 4 बजकर 30 मिनट पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करेंगे, पूजन करेंगे. श्रीकृष्ण जन्मभूमि के बाद पीएम मोदी रेलवे मैदान पहुंचेंगे जहां उन्हें भक्त मीराबाई के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होना है.
ये भी पढ़ें- मेला मथुरा में, राग मीरा का और सियासत राजस्थान की… PM मोदी की ब्रज पॉलिटिक्स को समझिए
प्रधानमंत्री मोदी के भक्त मीराबाई जन्मोत्सव में करीब तीन घंटे तक रुकने का कार्यक्रम है. पीएम मोदी की मौजूदगी में मीराबाई पर आधारित पांच मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी. पीएम भक्त मीरा की स्मृति में डाक टिकट भी जारी करेंगे. इस दौरान मथुरा की सांसद हेमा मालिनी मीराबाई के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी जो करीब डेढ़ घंटे की है.
ये भी पढ़ें- मथुरा में बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने लगाई मुहर, जानिए यूपी सरकार की पूरी प्लानिंग…
मीराबाई जन्मोत्सव समारोह में पीएम मोदी पहली बार 525 रुपये का सिक्का भी जारी करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ये चौथी मथुरा यात्रा है. वह दूसरी बार श्रीकृष्ण जन्मभूमि जा रहे हैं. नरेंद्र मोदी ने 32 साल पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन किए थे. हालांकि, तब वह प्रधानमंत्री नहीं थे.पीएम मोदी साल 1991 में बीजेपी का संगठन मंत्री रहते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करने पहुंचे थे. वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रतिनिधि सभा की बैठक में शामिल होने भी मथुरा आ चुके हैं.
पीएम की यात्रा से कृष्ण भक्तों को उम्मीद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस मथुरा यात्रा से कृष्ण भक्तों को बड़ी उम्मीदें हैं. मथुरा के लोग उम्मीद जता रहे हैं कि बांके बिहारी कॉरिडोर के बजट और ब्रॉड गेज की जगह पर एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक का ऐलान पीएम कर सकते हैं. टेक्सटाइल पार्क और मथुरा को एनसीआर में शामिल करने की पुरानी मांग पर भी लोग किसी ऐलान की उम्मीद जता रहे हैं.
बता दें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कृष्ण जन्मभूमि के एडवोकेट कमिश्नर के सर्वे को लेकर अपना ऑर्डर रिजर्व रखा है. कभी भी इस पर फैसला आ सकता है. हिंदू पक्ष को उम्मीद है कि ज्ञानवापी की तर्ज पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि का भी एडवोकेट सर्वे होगा.





























