मौजूदा दौर में जब दुनिया के कई हिस्से जंग से जूझ रहे हैं और निराश हैं तो ऐसे में उम्मीद की किरण दिखाती है वो मशाल, जिसकी रौशनी में बीते दो हफ्तों तक फ्रांस की राजधानी पेरिस में ओलंपिक खेलों का आयोजन हुआ. कहते हैं कि दुनिया में सबसे खूबसूरत पल वो समय होता है, जिसमें दो लोग आमने-सामने होते हैं पर बजाय किसी युद्ध के वह खेल जीतने के लिए साहस दिखाते हैं. एक तरफ जीत का जश्न और दूसरी ओर हार के आंसू जरूर होते हैं, लेकिन इंसानियत का खून नहीं बहता है, बल्कि वह और करीब आ जाती है.
पेरिस ओलंपिक खेलों का समापन शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात हुआ. अभूतपूर्व और रंगारंग समारोह के बीच विश्व में खेलों के सबसे बड़े महाकुंभ का जब समापन हुआ तो पेरिस ओलंपिक 2024 कमेटी के अध्यक्ष टोनी एस्टांगुएट ने अपनी स्पीच में कहा कि, यह ओलंपिक खेलों का समापन नहीं है, ये तो केवल उद्घाटन समारोह की समाप्ति है और विश्राम है, बल्कि खेलों को तो अनवरत होते रहना है.
‘गोल्डन मैन’ एक्ट के जरिए दिखा ओलंपिक का इतिहास
ओलंपिक सेरेमनी में रंगारंग कार्यक्रम के दौरान एक वक्त ऐसा आया कि जब स्टेडियम में घुप्प अंधेरा छा गया और फिर खिलाड़ियों ने अपने मोबाइल फोन से सद्भावना की लाइट्स जलाईं. इसके बाद लाइट शो शुरू हुआ. इस लाइट शो की थीम ‘गोल्डन मैन’ थी. इस शो में एक काल्पनिक कहानी सामने रखी गई. एक ट्रैवलर, गोल्डन मैन, जिसका सारा शरीर सोने का बना हुआ है. वह दुनिया की सैर पर निकला हुआ है. वह ग्रीस पहंचता है, जहां, 2800 साल पहले ओलंपिक खेलों की शुरुआत हुई थी.

इस दौरान वह पुराने से आधुनिक ओलंपिक तक के अलग खेल देखता है. गोल्डन मैन के साथ सफेद कपड़े पहने एलियन जैसे दिखने वाले कुछ एक्रोबेटर्स ने शानदार परफॉर्म किया और सभी को स्तब्ध कर दिया. इस एक्ट में दिखाया गया कि गोल्डन मैन ने पुराने खेलों को पहचाना, वह ओलंपिक के उन सभी पुरोधाओं से मिला, जिन्होंने इसे शुरू किया और दुनिया के लिए विकसित किया. फिर आधुनिक ओलंपिक की शुरुआत हुई और ओलंपिक के प्रतीक के रूप में 5 रिंग को अपनाया गया. इसी एक्ट के साथ गोल्डन मैन के जरिए ओलंपिक का इतिहास भी दिखाया गया.
क्लोजिंग सेरेमनी में बना इतिहास
क्लोजिंग सेरेमनी में इतिहास रचा गया. पहली बार क्लोजिंग सेरेमनी में आखिरी मेडल महिला मैराथन को मिला जबकि इससे पहले पुरुष वर्ग में ये मेडल दिया जाता था. आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाख ने ये मेडल दिया. पूरे स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों और मैनेजमेंट के लोगों ने पेरिस ओलंपिक-2024 खेलों में काम करने वाले वॉलेंटिएर्स का सम्मान किया और उनको स्टैंडिंग ओवेशन दिया.
फ्रांस के सिंगर कैविंस्की की शानदार परफॉर्मेंस
फ्रांस के स्टार सिंगर कैविंस्की ने शानदार परफॉर्मेंस दी. उन्होंने अपना फेमस गाना कैविंस्की (Kavinsky) भी गाया. उनका साथ फ्रांस के बैंड फोनिक्स ने भी दिया. फ्रांस के बैंड फोनिक्स ने संगीत समारोह के दौरान अपने परफॉर्मेंस से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनके ही परफॉर्मेंस से इस संगीत समारोह की शुरुआत हुई.
ओलंपिक फ्लैग हैंडओवर सेरेमनी
पेरिस ओलंपिक 2024 कमेटी के अध्यक्ष टोनी एस्टांगुएट (Tony Estanguet) ने स्पीच देते हुए फ्रांस सरकार, वॉलेंटियर्स, सिक्योरिटी, पुलिस, पेरिस मेयर, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति और बाकी सभी को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि मुझे आज गर्व हो रहा है. हमारा साथ देने के लिए सभी का धन्यवाद. सभी ने मिलकर काम किया, जिस कारण यह इतने बड़े ओलंपिक गेम्स सफलतापूर्वक कराए जा सके. पेरिस ओलंपिक 2024 की क्लोजिंग सेरेमनी अब ओलंपिक फ्लैग हैंडओवर सेरेमनी में तब्दील हो गई है. अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के अध्यक्ष थॉमस बाक (Thomas Bach) ने लॉस एंजिल्स के मेयर को ओलंपिक ध्वज सौंप दिया.

टॉम क्रूज की एंट्री ने लगाए चार चांद, सिंगर बिली एलीश ने दी परफॉर्मेंस
ओलंपिक फ्लैग हैंडओवर के बाद अमेरिकी नेशनल एंथम गाया गया. इसके बाद हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज की स्टेडियम में एंट्री हुई. वो अपनी बाइक पर ओलंपिक फ्लैग लेकर गए. उन्होंने अपनी बाइक को चार्टर्ड फ्लाइट में रखा. फिर हवा में डाइव लगाते हुए पैराशूट लैंडिंग के जरिए जमीन पर आए. यहां से उन्होंने साइकिल के जरिए ओलंपिक फ्लैग को अपनी जगह लॉस एंजिल्स के लिए भेजा. हॉलीवुड में अगले ओलंपिक की मेजबानी मिलने का जश्न मनाया गया. लोकप्रिय रॉक बैंड रेड हॉट चिली पेपर्स ने अपने हिट गाने ‘कैन्ट स्टॉप’ से समा बांध दिया. इसके बाद सिंगर बिली एलीश (Billie Eilish) ने शानदार परफॉर्मेंस दी. रैपर स्नूप डॉग और डॉक्टर ड्रे ने अपने रैप से सभी की दिल जीत लिया.















![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)











