
RJD नेता तेजस्वी यादव घोड़े की सवारी करते हुए।
पटना: राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान अनोखे अंदाज में जनता का दिल जीतने की कोशिश की है। 16 सितंबर को शुरू हुई इस यात्रा में तेजस्वी ने पटना, नालंदा और जहानाबाद में ताबड़तोड़ रैलियां की हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा उनका मोकामा विधानसभा में घोड़े पर सवार होकर प्रवेश, जहां उन्होंने पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह के गढ़ में उन्हें ललकारा है। बता दें कि अपनी इस यात्रा के जरिए तेजस्वी RJD कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की कोशिश कर रहे हैं।
घोड़े पर सवार तेजस्वी ने बटोरी सुर्खियां
बख्तियारपुर से बेगूसराय जाते समय तेजस्वी ने बाढ़ और मोकामा के बीच अपने ‘रथ’ से उतरकर घोड़े पर सवारी की। सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ का अभिवादन करते हुए वे आशीर्वाद लेते नजर आए। मोकामा में, जो अनंत सिंह का गढ़ माना जाता है, तेजस्वी घोड़े पर सवार होकर अलग ही अंदाज में दिखे। उनके पीछे समर्थकों का भारी हुजूम चल रहा था। उनके इस अनोखे अंदाज ने जनता का ध्यान अच्छी तरह खींचा है और उनकी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान समर्थकों का हुजूम देखने को मिल रहा है।
5 रैलियों से शुरू हुई थी तेजस्वी की यात्रा
तेजस्वी ने ‘बिहार अधिकार यात्रा’ की शुरुआत पटना के मसौढ़ी से की, हालांकि पहले जहानाबाद से शुरू होने की योजना थी। पहले दिन उन्होंने पटना के मसौढ़ी और फतुहा, नालंदा के इस्लामपुर और हिलसा, और जहानाबाद में कुल 5 रैलियों को संबोधित किया था। नालंदा, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह क्षेत्र है, में तेजस्वी ने आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें हराने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा, ‘मैं जहां भी जाता हूं, लोग ‘दो हजार पांच से पचीस, बहुत हुआ नीतीश’ का नारा लगाते हैं।’
चिराग पासवान को बताया ‘बड़ा भाई’
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के उस पोस्टर पर भी तेजस्वी ने अपनी यात्रा के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की, जिसमें चिराग को NDA की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताया गया। तेजस्वी ने कहा, ‘अगर चिराग की ऐसी महत्वाकांक्षा है, तो उन्हें खुलकर कहना चाहिए। लेकिन मैं उनकी शादी न होने की चिंता ज्यादा करता हूं। मैं उनसे छोटा हूं, फिर भी दो बच्चों का पिता हूं। राजनीतिक मतभेदों को अलग रखकर, मैं उन्हें बड़ा भाई मानता हूं और उनकी बारात में शामिल होने को उत्सुक हूं।’ (इनपुट: विकास कुमार)









![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)












