कहते हैं प्यार अंधा होता है और फिर धीरे-धीरे प्यार करने वाला प्यार में इस कदर बहरा भी हो जाता है कि उसके कानों तक उसके अपनों की आवाज नहीं पहुंच पाती है. ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सामने आया है, जहां एक युवती ने अस्पताल के गार्ड के इश्क में पड़कर अपने माता-पिता को ठुकरा दिया. 21 साल जिस मां बाप के साथ युवती रह रही थी, उनसे एक झटके में अलग होकर चली गई.
शिवपुरी जिले के निवासी राजा वर्मा (बदला हुआ नाम) की बेटी अब उनके साथ नहीं रहना चाहती है. दो महीने पहले राजा की बेटी ने करण रजक नाम के युवक से प्रेम विवाह कर लिया. करण पड़ोसी जिले ग्वालियर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में गार्ड की नौकरी करता है. शादी करने के बाद युवती करण के साथ ही रहने लगी.
पिता ने अपनी बेटी को वापस पाने की खातिर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच का दरवाजा खटखटाया और कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की. सोमवार को याचिका पर सुनवाई हुई. इस दौरान पुलिस युवती को लेकर कोर्ट में पहुंची.
युवती ने कोर्ट में बयान दिया कि वह 21 साल की हो चुकी है, वह बालिग है, उसने करण रजक से प्रेम विवाह किया है, क्योंकि वह बालिग है इसलिए वह अपनी मर्जी की मालिक है, अब वह अपने मां-बाप के साथ नहीं रहना चाहती है, बल्कि वह तो अपने पति करण के साथ ही रहना चाहती है.
यह बयान सुनकर युवती के पिता राजा के दिल को गहरा आघात लगा होगा, लेकिन प्यार में डूबी हुई बेटी को पिता के दर्द का अहसास तक नहीं हुआ.
हाईकोर्ट ने युवती के बयान पर पुलिस को आदेश कर दिया कि युवती जहां रहना चाहे, उसे वहां रहने दिया जाए. इस तरह एक युवती ने अस्पताल के गार्ड से प्यार करते हुए लव मैरिज की और फिर अपने माता-पिता को ठुकरा कर चली गई.

























