रायकोट निवासी पंकज परुथी (37) की बस के नीचे कुचले जाने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है, जब पंकज लुधियाना से निजी बस में सवार होकर रायकोट बस अड्डे पर उतरे थे। उसी बस के बैक करने के दौरान वह उसके टायर के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
पंकज को पहले रायकोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें लुधियाना रेफर कर दिया गया। लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल में रखा गया है, जहां रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
थाना सिटी रायकोट पुलिस ने दशमेश ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस के ड्राइवर जसवीर सिंह (निवासी बिंजल) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी ड्राइवर घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
पंकज बैंक में लोन विभाग के अधिकारी थे और रोजाना की तरह उस दिन भी बस से लुधियाना से रायकोट लौट रहे थे। बस से उतरने के बाद वह पीछे खड़े थे कि ड्राइवर ने बस बैक करते समय उन्हें टायर के नीचे कुचल दिया और घसीटते हुए आगे ले गया। लोगों ने शोर मचाकर बस रुकवाई, लेकिन तब तक पंकज गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। जांच अधिकारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




























