फिरोजपुर जिले के गांव मोहरे वाला में संदिग्ध परिस्थितियों में तीन बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। इनमें एक ही परिवार के दो बच्चे और दूसरे परिवार का एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चों के मुंह से झाग निकलने लगी और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
मां ने अपने बच्चों के साथ खाया खाना और पिया दूध
पीड़ित मां मनदीप कौर निवासी गांव मोहरे वाला ने बताया कि उसने अपने तीनों बच्चों के साथ खुद भी रोटी-सब्जी खाई और दूध पिया था। कुछ देर बाद उसके छह और सात साल के दो बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। दोनों के मुंह से झाग निकलने लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
दूध पीने के बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका
मृतक बच्चों की पहचान गुरमीत और सुखजीत के रूप में हुई है।
मनदीप कौर ने बताया कि उसने अपने बेटे को भी वही दूध पिलाया था, लेकिन उसकी तबीयत ठीक है। उधर, गांव में दूध पीने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा गांव के एक अन्य बच्चे के बेहोश होने और एक और बच्चे की मौत होने की भी सूचना सामने आई है।
जिला प्रशासन कर रहा जांच
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव पहुंच गईं। दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल दूध या किसी अन्य खाद्य पदार्थ को मौत का कारण मानने की पुष्टि नहीं हुई है।