देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी और रिलायंस इंडस्ट्रीज की चेयरपर्सन नीता अंबानी अपने बेटे अनंत अंबानी की शादी का कार्ड देने वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं. यहां पूजा-पाठ और भगवान शिव को कार्ड अर्पित करने के बाद नीती अंबानी ने वाराणसी के मशहूर चाट की दुकान पर चाट का स्वाद चखा. इतना ही नहीं वहां मौजूद बच्चे को देखकर नीता अंबानी ने उसे भी अपना प्यार और दुलार दिया.
बेटे अनंत और बहू राधिका की शादी के लिए बाबा काशी विश्वनाथ और मां गंगा का आशीर्वाद लेने पहुंचीं नीता अंबानी ने काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के बाद काशी चाट भंडार पर पहुंच गईं. इससे पहले नीता अंबानी ने गंगा आरती में भी हिस्सा लिया था.
नीता अंबानी के साथ मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी थे मौजूद. मीडिया से बात करते हुए नीता अंबानी ने कहा की 10 साल के बाद वो यहां आई हैं. उन्होंने कहा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की भव्यता देखकर बहुत खुशी हो रही है.
नीता अंबानी ने कहा की अपने बेटे अनंत और राधिका का एक फंक्शन काशी में जरूर करना चाहूंगी और उनके साथ जरूर काशी आऊंगी. नीता अंबानी ने कहा की हमारे बच्चे और परिवार सहित पूरे देश पर महादेव का आशीर्वाद सदा बना रहे. नीता अंबानी ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ ही कहा की बेटे अनंत और राधिका की शादी के लिए आशीर्वाद मांगने बाबा विश्वनाथ के दरबार में आई हूं.
बता दें कि अनंत और राधिका की शादी का मुख्य समारोह शुक्रवार 12 जुलाई को होगा. शादी कार्यक्रम में मेहमानों को पारंपरिक भारतीय पोशाक पहनकर आने को कहा गया है. शादी का रिसेप्शन, रविवार 14 जुलाई को होगा. बता दें कि राधिका मर्चेंट एनकोर हेल्थकेयर के सीईओ वीरेन मर्चेंट और शैला मर्चेंट की बेटी हैं.
इससे पहले इसी साल के शुरुआत में गुरजरात के जामनगर में दोनों की शादी का प्री वेडिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें दुनिया भर से सितारों ने शिरकत की थी. इस कार्यक्रम में बिजनेस लीडर्स, राष्ट्राध्यक्ष और हॉलीवुड और बॉलीवुड हस्तियों ने शामिल होकर जोड़े को आशीर्वाद दिया था.
इनपुट – ब्रिजेश यादव





























