दिल्ली में बुधवार सुबह कड़ाके की ठंड के साथ हवा की गुणवत्ता भी गंभीर चिंता का विषय बनी रही. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 7 बजे दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 357 दर्ज किया गया, जो ‘Very Poor’ कैटेगरी में आता है. यह मंगलवार के मुकाबले और गिरावट दर्शाता है, जब AQI 337 था.
राजधानी के कई इलाकों में AQI 300 के पार दर्ज किया गया, जिससे हालात और खतरनाक हो गए. आनंद विहार में AQI 366, बवाना में 361 दर्ज किया गया. जहांगीरपुरी की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक रही, जहां AQI 420 तक पहुंच गया और यह ‘Severe’ कैटेगरी में चला गया.
इसके अलावा आरके पुरम में AQI 407, द्वारका सेक्टर-8 में 403, पंजाबी बाग में 366, वजीरपुर में 386 और चांदनी चौक में 397 दर्ज किया गया. CPCB के अनुसार AQI 401 से 500 के बीच रहने पर हवा को ‘Severe’ माना जाता है.
स्मॉग और कोहरे से लिपटी दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली के इंडिया गेट, मयूर विहार, AIIMS, अक्षरधाम और अन्य इलाकों से आए ड्रोन और ग्राउंड विजुअल्स में शहर स्मॉग की मोटी परत में लिपटा नजर आया. मयूर विहार और अक्षरधाम इलाके में AQI 366 दर्ज किया गया. सुबह करीब 7.30 बजे रिकॉर्ड किए गए विजुअल्स में विजिबिलिटी काफी कम दिखी.
दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और अयोध्या में भी घना कोहरा छाया रहा. ठंड और कोहरे की वजह से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ.
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बांद्रा रिक्लेमेशन इलाके में भी स्मॉग की मोटी परत देखने को मिली, जिससे विजिबिलिटी घट गई. तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में कोहरे की वजह से कई उड़ानों में देरी हुई.
देश के दूसरे शहरों की हवा कैसी है…
सुबह 7 बजे उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, अहमदाबाद का AQI 139, बेंगलुरु का 88, चेन्नई का 108 और हैदराबाद का 81 दर्ज किया गया. जयपुर में AQI 211 रहा, जो ‘Poor’ कैटेगरी में है, जबकि लखनऊ में 193 दर्ज किया गया.
मुंबई का AQI 118, पटना का 136 और पुणे का 149 रहा, जो ‘Moderate’ कैटेगरी में आते हैं.
ठंड और कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें
हवा की बिगड़ती गुणवत्ता के साथ-साथ दिल्ली में शीतलहर का असर भी जारी है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. पूरे दिन इसी तरह की ठंड बनी रहने की संभावना है.
घने कोहरे और शीतलहर की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई है, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ा है. इसी बीच कर्तव्य पथ पर 77वें गणतंत्र दिवस की परेड की रिहर्सल भी जारी है, जहां सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
—- समाप्त —-




















