
ईशान किशन
भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटी है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज अभी खेली जा रही है। इसके बाद न्यूजीलैंड से भी पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाने हैं। जल्द ही इसके लिए टीम इंडिया का ऐलान किया जाना है। इस बीच सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में भारतीय टीम बाहर चल रहे ईशान किशन ने हाहाकारी सेंचुरी ठोक कर अपनी दावेदारी फिर से पेश कर दी है।
झारखंड और हरियाणा की टीमें आमने सामने
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का फाइनल आज खेला जा रहा है। झारखंड और हरियाणा की टीमें आमने सामने हैं। इसी मैच की पहली पारी में झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में शतक ठोक दिया है। उन्होंने चौके और छक्कों की लाइन सी लगा दी। हालांकि शतक पूरा करने के कुछ ही देर बाद वे आउट हो गए
केवल 45 बॉल पर ईशान किशन ने ठोक दी सेंचुरी
ईशान किशन ओपनिंग करने के लिए उतरे। उनके जोड़ीदार विराट सिंह हालांकि जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद भी ईशान ने अपने अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। उन्हें कुमार कुशाग्र का साथ मिला। ईशान किशन ने केवल 45 बॉल पर सेंचुरी ठोकने में कामयाबी हासिल की। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 10 छक्के ठोक दिए। ऐसा कम ही देखने को मिलता है कि किसी बल्लेबाज की पारी में चौके कम हों और छक्के ज्यादा। हालांकि शतक पूरा करने के बाद जल्द ही वे आउट हो गए। ईशान ने 49 बॉल पर 101 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 206.12 का रहा।
साल 2023 में ईशान ने खेला था भारत के लिए टी20 मैच
ईशान किशन पिछले लंबे वक्त से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच नवंबर 2023 में खेला था, उसके बाद ईशान बहुत रन बना चुके हैं, लेकिन उनकी वापसी टीम इंडिया में अभी तक नहीं हो पाई है। वैसे भारत के लिए खेलते हुए ईशान के आंकड़े काफी अच्छे हैं। उन्होंने 32 मैच खेलकर 933 रन बनाए हैं। इसमें छह अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 25.67 का है और वे 124.37 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हैं। टी20 क्रिकेट में औसत बहुत ज्यादा मायने नहीं रखता। यहां स्ट्राइक रेट अहम होता है।
झारखंड के पास पहली बार खिताब जीतने का मौका
पूरे सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के दौरान ईशान किशन ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। फाइनल से पहले भी उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ 63 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। खास बात ये है कि ईशान किशन ने इस के सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के मारे हैं। झारखंड की टीम अभी तक एक भी बार सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट अपने नाम नहीं कर पाई है। अब ईशान किशन की कप्तानी में टीम के पास इतिहास रचने का मौका है। हालांकि अभी मैच खेला जा रहा है। अगर ईशान की कप्तानी में टीम जीत दर्ज करने में कामयाब होती है तो फिर ईशान की दावेदारी टीम इंडिया में वापसी की और भी ज्यादा मजबूत हो जाएगी।
यह भी पढ़ें
टी20 वर्ल्ड कप से पहले आखिरी मौका, अब इस खिलाड़ी को मिलेगा अहमदाबाद में खेलने का चांस
ICC Rankings: आखिरी टी20 मैच से पहले जानिए आईसीसी रैंकिंग, कहां हैं भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें
Latest Cricket News



























