इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2027 का आयोजन अगले साल होना है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स यानी CSK ने बड़ा ऐलान किया है। CSK ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना हेड कोच नियुक्त किया है। जहीर खान की कोशिश अगले साल होने वाले IPL में चेन्नई को छठा खिताब जिताने की होगी। बता दें, जहीर खान को IPL में कोचिंग का अपार अनुभव है और वह हाल ही में कनाडा में वैंकूवर एंकर्स टीम से जुड़े थे।
जहीर कई टीमों को दे चुके हैं कोचिंग
साल 2017 में IPL से बतौर खिलाड़ी संन्यास लेने के बाद जहीर खान ने अलग-अलग भूमिकाओं में काम किया है। अपने IPL करियर में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे। इसके बाद 2019 IPL से पहले उन्हें मुंबई इंडियंस ने डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस बनाया था। बाद में उन्होंने टीम के ग्लोबल डेवलपमेंट प्रमुख की भूमिका भी संभाली। जहीर हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ भी जुड़े थे। उन्हें आईपीएल 2025 के लिए टीम का मेंटर बनाया गया था, लेकिन अगले सीजन से पहले उन्होंने फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला किया।
जहीर CSK में अब स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे, जिन्होंने 2009 से 2026 तक करीब 18 साल चेन्नई की कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली। फ्लेमिंग ने पिछले सालों में चेन्नई सुपर किंग्स की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी। अब फ्रेंचाइजी के साथ उनका लंबा जुड़ाव खत्म हो गया है। वह इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ नई जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और जुलाई में उन्हें इंग्लैंड मेन्स टेस्ट टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया था।
जहीर ने CSK से जुड़ने पर जताया आभार
जहीर खान के लिए CSK के कोच बनने की जिम्मेदारी उनके कोचिंग करियर में एक बड़ा पड़ाव है। बतौर खिलाड़ी जहीर खान ने IPL में 100 मुकाबले खेले और 27.27 की औसत से 102 विकेट हासिल किए। भारत के लिए उनका इंटरनेशनल करियर भी शानदार रहा। तीनों फॉर्मेट में उन्होंने कुल 610 विकेट अपने नाम किए।
CSK से जुड़ने के बाद जहीर ने कहा कि इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने चेन्नई के खिलाफ मुकाबलों का खूब आनंद लिया है। जहीर ने चेपॉक में सुपरफैंस द्वारा बनाए जाने वाले माहौल को भी खास बताया और कहा कि वह इस समृद्ध इतिहास वाली फ्रेंचाइजी की विरासत का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हैं।
टीम की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने जहीर का टीम में स्वागत करते हुए कहा कि हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि जहीर खान चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच होंगे। जहीर का शानदार खेल करियर और युवा टैलेंट को निखारने की उनकी काबिलियत उन्हें हमारी टीम के लिए एक अहम सदस्य बनाती है। हमें भरोसा है कि उनके मार्गदर्शन से इस फ्रैंचाइजी की नींव और मजबूत होगी।
यह भी पढ़ें:
वैभव सूर्यवंशी की ख्वाहिश रह गई अधूरी, क्या अब कप्तान श्रेयस अय्यर जापान के खिलाफ देंगे प्लेइंग इलेवन में मौका
भारत बनाम जापान टी20 मुकाबला टीवी और मोबाइल पर कैसे देखें लाइव, अब सुबह बदलना पड़ेगा चैनल
Latest Cricket News










![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











