चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में वसंत पंचमी पर माैसम बदल गया। ट्राईसिटी में शुक्रवार सुबह से तेज बरसात हो रही है। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिर गए हैं।

मोहाली फेज एक पुलिस स्टेशन के बाहर लगा कई साल पुराना पेड़ बरसात के कारण गिर गया। इससे सड़क के दोनों और आवाजाही बंद हो गई। चंडीगढ़ के सेक्टर 32 -33 की विभाजित सड़क पर एक पेड़ गिर गया। राहगीर बाल बाल बचा।

मनीमाजरा स्थित गोविंदपुर इलाके में शुक्रवार सुबह हुई बरसात में एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें मकान नंबर 1119 की छत अचानक गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद तीन छोटे बच्चे मलबे की चपेट में आ गए। राहुल, शनि और गौरव की उम्र 10-12 साल के करीब बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों की सहायता से बच्चों को तुरंत मलबे से बाहर निकालकर मनीमाजरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज देने के बाद सेक्टर 32 के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि एक बच्चे की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था। हाल ही में हुई बारिश के कारण दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं, जिससे छत गिरने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के सही कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुराने और जर्जर मकानों की जल्द जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

चंडीगढ़ सेक्टर 23 में इंटरनल रोड पर जगह-जगह छोटे-छोटे पेड़ गिरे हुए हैं, इसके अलावा एक बड़ा पेड़ गिरा हुआ है। मौके पर पहुंचे हॉर्टिकल्चर विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि इस रोड पर 7 से 8 पेड़ों को लेकर शिकायत की जा चुकी है। इससे पहले इंस्पेक्शन की गई थी। पेड़ गिरने की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची।




























