पंजाब के मुकेरियां के पास मंसूरपुर में रविवार को पुलिस कांस्टेबल अमृतपाल सिंह की हत्या करने वाले गैंगस्टर सुखविंदर सिंह उर्फ राणा मंसूरपुरिया को राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुकेरियां के पुराना भंगाला गांव के पास गोली लगी है। पुलिस को पुराना भंगाला के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के पास खेतों में उसकी लोकेशन मिली थी। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची तो गोलीबारी हुई और राणा की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से मौत हो गई। रविवार को पंजाब में शांतिपूर्ण चुनाव कराने की तैयारी के तहत मुकेरियां के गांव मनसूरपुर में गैंगस्टर के घर पर हथियार बरामद करने गई पुलिस टीम पर गैंगस्टर ने फायरिंग कर दी थी। इस फायरिंग में सीआईए स्टाफ के सीनियर कॉन्स्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि गैंगस्टर मौके से फरार हो गया था।




























