
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारियों ने पोस्टकार्ड्स की गिनती पूरी होने के बाद गुजरात सरकार को प्रमाणपत्र सौंपा।
अहमदाबाद: गुजरात के सहकारी क्षेत्र से जुड़े 1.11 करोड़ से ज्यादा लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए पोस्टकार्ड लिखकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह कारनामा मंगलवार को अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर पूरा हुआ, जहां गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारियों ने इस उपलब्धि के लिए प्रमाणपत्र सौंपा। गुजरात सरकार के कृषि, किसान कल्याण और सहकारिता विभाग की अगुवाई में शुरू हुए इस अभियान में कुल 1,11,75,000 पोस्टकार्ड लिखे गए। इन पोस्टकार्ड्स में लोगों ने पीएम मोदी को GST सुधारों और अन्य कई कदमों के लिए शुक्रिया अदा किया। खास बात यह है कि दुनिया में पहली बार इतनी बड़ी तादाद में पोस्टकार्ड एक साथ लिखे गए।
सारे अनुमानों को गुजरातियों ने छोड़ा पीछे
शुरुआत में अनुमान था कि इस अभियान में करीब 75 लाख पोस्टकार्ड लिखे जाएंगे। लेकिन गुजरात के लोगों ने इस आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए 1.11 करोड़ से ज्यादा पोस्टकार्ड लिख डाले। इस शानदार उपलब्धि ने न सिर्फ देश, बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, इससे पहले यह रिकॉर्ड स्विस एजेंसी फॉर डेवलपमेंट एंड कोऑपरेशन (SDC)/सेक्शन वाटर, स्विट्जरलैंड के नाम था, जिसने 6,666 पोस्टकार्ड के साथ रिकॉर्ड बनाया था। लेकिन गुजरात ने इस रिकॉर्ड को पूरी तरह ध्वस्त करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
गुजरात सरकार को सौंपा गया प्रमाणपत्र
साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित एक समारोह में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारियों ने पोस्टकार्ड्स की गिनती पूरी होने के बाद गुजरात सरकार को प्रमाणपत्र सौंपा। प्रमाणपत्र में लिखा है, ‘सबसे ज्यादा पोस्टकार्ड लिखने का रिकॉर्ड कृषि, किसान कल्याण और सहकारिता विभाग, गुजरात सरकार (भारत) ने 14 अक्टूबर 2025 को अहमदाबाद, गुजरात, भारत में हासिल किया।’ इस अभियान में सहकारी क्षेत्र से जुड़े किसानों, मजदूरों और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हर पोस्टकार्ड में पीएम मोदी के उन कदमों के लिए शुक्रिया अदा किया गया था, जिन्होंने सहकारी क्षेत्र और किसानों की जिंदगी को आसान बनाया। (PTI)










![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











