पपीता का मीठा मीठा स्वाद तो हर किसी को पसंद आता है। यह फल सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। खासकर कब्ज होने पर इसका सेवन करने की सलाह दी जाती है। साथ ही यह फल पाचन तंत्र को भी बेहतर करता है। लेकिन क्या आपने कभी कच्चे पपीता के कबाब खाए हैं? आपने कच्चे पपीता का पराठा या सब्जी तो ज़रूर खाया होगा लेकिन आज हम आपके लिए कच्चे पपीता के कबाब की रेसिपी लेकर आए हैं। इसे बनाना बेहद आसान है और इसका स्वाद आपको खूब पसंद आएगा। यह रेसिपी मशहूर फ़ूड कॉन्टेंट क्रियेटर कविता सिंह ने अपने यू ट्यूब पर शेयर की है। तो चलिए जानते हैं कैसे बनाए मुंह में घुल जाने वाले सॉफ्ट और टेस्टी कबाब?
कच्चे पपीता के कबाब के लिए सामग्री
कच्चा पपीता 2 कप, बेसन आधा कप, प्याज़ आधा कप, हरी मिर्च 2, अदरक-लहसुन का पेस्ट एक छोटा चम्मच, हरा धनिया आधा कप, लाल मिर्च पाउडर आधा छोटा चम्मच, जीरा पाउडर आधा छोटा चम्मच, धनिया पाउडर आधा छोटा चम्मच, काली मिर्च पाउडर आधा छोटा चम्मच, ब्रेड क्रम्ब्स आधा कप, कुकिंग ऑयल 3 बड़े चम्मच, नमक स्वादानुसार
कैसे बनाएं कच्चे पपीता का कबाब?
-
पहला स्टेप: कच्चे पपीता का कबाब बनाने के लिए सबसे पहले पपीता को पानी में धोएं फिर उसे छील लें। छीलने के बाद उसे अच्छी तरह से कद्दूकस कर लें।
-
दूसरा स्टेप: जब पपीता कद्दूकस हो जाए तब उसमें आधा कप बेसन, बारीक कटी हरी मिर्च और प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, बारीक कटा हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, काली मिर्च पाउडर, ब्रेड क्रम्ब्स और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह से मिलाएं और एक डो बना लें।
-
तीसरा स्टेप: अब डो में से आप छोटे छोटे मिश्रण लें और राउंड शेप में बनाकर उसे टिक्की का शेप दें। इसी तरह सभी टिक्की बना लें।
-
चौथा स्टेप: अब गैस ऑन करें और उसके ऊपर एक हेवी पैन रखें और तेल से अच्छी तरह से ग्रीस करें जब पैन गर्म हो जाए तब उसपर टिक्की रखें और मीडियम आंच पर दोनों साइड से अच्छी तरह से पकाएं। इसे ढक दें ताकि ये सुनहरा हो जाए।
-
पांचवां स्टेप: जब कबाब अच्छी तरह से पक जाए तब गैस बंद कर दें और उसे हरी धनिया की चटनी के साथ साथ गर्म गर्म सर्वं करें।
























