
Australia vs Scotland
Australia vs Scotland T20 World Cup 2024: ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में स्कॉटलैंड की टीम को 5 विकेट से हरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया के इस मैच में जीत दर्ज करते ही इंग्लैंड की टीम ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वहीं स्कॉटलैंड की टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है। मैच में स्कॉटलैंड की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 181 रनों का टारगेट दिया, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से चेज कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए दो प्लेयर्स ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया।
ट्रेविस हेड ने लगाया अर्धशतक
ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। डेविड वॉर्नर 1 रन, मिचेल मार्श 8 रन और ग्लेन मैक्सवेल 11 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन ट्रेविस हेड और मार्कस स्टोइनिस ने बेहतरीन अर्धशतक लगाए। इन प्लेयर्स की दमदार बल्लेबाजी की वजह से ही ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच जीतने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने 68 रन और मार्कस स्टोइनिस ने 59 रन बनाए। स्कॉटलैंड के लिए मार्क वैट और सफियान शरीफ ने दो-दो विकेट लिए। लेकिन बाकी के गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए।
ग्लेन मैक्सवेल ने हासिल किए दो विकेट
स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल स्टार्क ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मैच में स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों ने पिछले मैचों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया। ओपनर जॉर्ज मुन्से ने 35 रनों का योगदान दिया। उनका विकेट ग्लेन मैक्सवेल ने हासिल किया। ब्रेंडन मैकमुलन ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 34 गेंदों में 6 छक्कों सहित 60 रनों की पारी खेली। वह बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहे थे। लेकिन एडम जांपा ने उनका विकेट ले लिया। उनके अलावा कप्तान रिची बेरिंग्टन ने 42 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही स्कॉटलैंड की टीम 20 ओवर्स में 180 रनों तक पहुंच पाई। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट ग्लेन मैक्सवेल ने हासिल किए।
Latest Cricket News




















