प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस ने 24 दिसंबर 2025 को राज्यव्यापी सघन चेकिंग एवं छापेमारी अभियान चलाकर अपराधियों के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया। इस व्यापक कार्रवाई में पुलिस ने विभिन्न जिलों से कुल 342 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस अभियान ने न केवल वांछित अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का मजबूत संदेश भी दिया।
हिंसक व इनामी अपराधियों पर शिकंजा
अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि जघन्य एवं हिंसक अपराधों में संलिप्त 27 वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी रही। सिरसा, कैथल और हिसार जैसे संवेदनशील जिलों में तीन-तीन हिंसक अपराधियों की गिरफ्तारी कर पुलिस ने यह स्पष्ट कर दिया कि अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। यह कार्रवाई राज्य में अपराध ग्राफ को नीचे लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए। राज्यभर से 105 ग्राम सुल्फा, 160 किलोग्राम पॉपी हस्क, 786 ग्राम अफीम और 1070 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अतिरिक्त 2500 अंग्रेजी शराब की बोतलें, 19 लीटर अवैध शराब और 13 लीटर लाहन भी जब्त की गई। जिला यमुनानगर में अकेले 146 किलोग्राम से अधिक पॉपी हस्क की बरामदगी दर्ज की गई।
अवैध हथियार, नकदी और चोरी के वाहन बरामद
अपराधियों की कमर तोड़ते हुए पुलिस ने तीन देसी कट्टे, दो पिस्टल, 11 कारतूस, पांच खाली खोखे, चाकू व अन्य घातक हथियार जब्त किए। साथ ही ₹3,72,275 नकदी, 4 कारें, 8 मोटरसाइकिल, 2 ट्रैक्टर, 1 स्कूटी और 4 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। सोनीपत जिले से अकेले ₹2,51,800 नकदी की बरामदगी इस अभियान की बड़ी सफलता रही।
सड़क हादसे के आरोपी की गिरफ्तारी
नूंह जिला पुलिस ने अड़बर गांव के दर्दनाक सड़क हादसे के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण राहत दी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी को महज एक दिन में दबोच लिया गया।











![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











